Rourkela News: सुबह में बारिश, दोपहर में धूप और शाम में आंधी-पानी ने किया परेशान

Rourkela News: मौसम की अनिश्चितता से स्मार्ट सिटी में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कभी बारिश, तो कभी धूप से लोग परेशान हैं.

Rourkela News: राउरकेला शहर में सोमवार को मौसम की आंख मिचौली ने शहरवासियों को परेशान कर दिया. तड़के से लेकर देर शाम तक मौसम का मिजाज बदलता रहा, जिसमें झमाझम बारिश, कड़ी धूप और शाम के समय आंधी-तूफान का रूप देखने को मिला. सुबह से हुई बारिश के कारण छात्र-छात्राएं छाता लेकर तथा रेनकोट पहनकर जाते देखे गये.

बिजली गुल होने और जलजमाव से हुई असुविधा

इसके अलावा सुबह 10 बजे से दोपहर तक बादल छाये रहने के बाद कड़ी धूप हो गयी थी, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा. वहीं शाम ढलने के बाद तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा. कई स्थानों पर बिजली गुल हो जाने, सड़कों पर पानी जमा होने से लोग परेशान रहे. बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की गति धीमी हो गयी थी, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ. शहर के कई हिस्सों में बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गयी, जिससे लोगों को पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ा.

बड़गांव में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान

सुंदरगढ़ जिले के बड़ागांव ब्लॉक में भारी बारिश और ओलावृष्टि से सब्जी की खेती प्रभावित हुई है. किसानों ने बताया कि उनकी बैंगन, तरबूज, भिंडी आदि फसलों को थोड़ा नुकसान हुआ है. वहीं किसानों ने बताया कि सोमवार को शाम 4:40 बजे दस मिनट तक हुई भारी बारिश से उनकी फसलों को नुकसान हुआ है. अगल कुछ दिनों तक इसी तरह मौसम की अनिश्चितता बनी रही, तो सब्जियों की कीमतों में वृद्धि का खतरा है.

हवा व बारिश से उखड़े पेड़, बिजली गुल रहने से परेशानी

सुंदरगढ़. सुंदरगढ़ और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा था, लेकिन रविवार रात से कालबैसाखी की वजह से अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिली है. वहीं सोमवार सुबह से सुंदरगढ़ टाउनशिप में भारी बारिश हुई. हवा और बारिश की वजह से सरकारी कॉलेज के पीछे कुछ पेड़ उखड़ गये, जिससे बिजली गुल हो गयी. कालबैसाखी की वजह से सुंदरगढ़ और उसके आस-पास के इलाकों में मौसम एक बार फिर ठंडा हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, कालबैसाखी का असर अगले 24 घंटों तक रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >