Rourkela News: आमको-सिमको के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बोले उप जिलापाल-वेदव्यास में लगेगी निर्मल मुंडा की प्रतिमा

Rourkela News: 25 अप्रैल 1939 को आमको-सिमको में अंग्रेजों की गोलीबारी में शहीदों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी गयी.

Rourkela News: देश की आजादी से पूर्व 25 अप्रैल, 1939 को रायबोगा के पास आमको-सिमको में ब्रिटिश सेना ने बेगुनाह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस क्रूर घटना में खुंटकटी के अधिकार और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे 49 आदिवासियों की जान चली गयी थी और सैकड़ों घायल हुए थे. उनकी स्मृति में शनिवार को आमको-सिमको शहीद दिवस मनाया गया.

धर्मगुरुओं ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना

इस अवसर पर प्रशासन और अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों ने बिरमित्रपुर में ब्राह्मणमारा समाधि पीठ पर इन शहीदों को श्रद्धांजलि दी. पानपोष उपजिलापाल विजय कुमार नायक, प्रोफेसर विजय टोप्पो, बिरमित्रपुर तहसीलदार गौरी नायक, पीए आइटीडीए पानपोष विक्रांति किसपोट्टा, बिरमित्रपुर नगरपाल संदीप मिश्रा, उप-नगरपाल निवेदिता बागे, पूर्व विधायक शंकर ओराम, पूर्व विधायक हालु मुंडारी, इओ यूसुफ बिलाल अहमद ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर अलग-अलग धर्मगुरुओं ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. शहीदों के लिए दो मिनट मौन प्रार्थना की गयी.

आमको-सिमको शहीद स्थल पर लहराया जायेगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा

वहीं आमको सिमको में भी शहीदों को पुष्पांजलि दी गयी. पानपोष उपजिलापाल विजय कुमार नायक ने श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता की. प्रोफेसर विजय टोपो, तहसीलदार गौरी नायक, आइआइसी राम प्रसाद नाग, एसडीपीओ पुष्पेंद्र सागर, पीएआइटीडीए विक्रांति किसपोट्टा, पूर्व विधायक हालु मुंडारी, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र कुजूर, नेविल केरकेट्टा, बीडीओ जगदीश महानंद, श्याम साहू, फिलबानुस एक्का ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की. इस मौके पर पानपोष उपजिलापाल विजय कुमार नायक ने कहा कि समाधि स्थल के विकास के लिए सरकार ने कई कदम उठाये हैं. जल्द ही मुख्यमंत्री यहां का दौरा करेंगे और विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री वेदव्यास में शहीद निर्मल मुंडा की मूर्ति का लोकार्पण भी करेंगे. साथ ही शहीदों की याद में आमको-सिमको शहीद स्थल पर 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लहराया जायेगा. अंत में श्यामा साहू ने सभी को धन्यवाद दिया.

आमको-सिमको के शहीदों को स्वाधीनता सेनानी की मान्यता देना श्रेष्ठ श्रद्धांजलि होगी

निर्मल मुंडा खुंटकटी ट्रस्ट की ओर से शनिवार को सेक्टर-19 स्थित निर्मल मुंडा इस्पात हाट में आमकाे-सिमको शहीद दिवस मनाया गया. इस अवसर पर आमको-सिमको के शहीदों स्वाधीनता सेनानी की मान्यता नहीं मिलने पर दुख जताया गया. कहा गया कि इन शहीदों को स्वाधीनता सेनानी की मान्यता प्रदान करना ही उनके प्रति श्रेष्ठ श्रद्धांजलि होगी. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर रघुनाथपाली विधायक दुर्गाचरण तांती ने हिस्सा लिया. उन्होंने आमको-सिमको के शहीदों को नमन करने के साथ सुंदरगढ़ जिले के विस्थापितों की समस्या का समाधान जल्द होने का भरोसा दिया. अन्य अतिथियों में श्रमिक नेता गोपाल दास, सामाजिक कार्यकर्ता बागे लकड़ा, बेनेडिक्ट तिर्की, पीटर टोपनो, झीरपानी सरपंच अजित तिर्की मौजूद थे. इस अवसर पर आमको-सिमको के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ अधिसूचित जिला सुंदरगढ़ में ड्रेमोग्राफी बदलने अथवा आदिवासियों की कम होती संख्या पर चिंता जतायी गयी. इसके अलावा जल, जंगल व जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा न होने पर नाराजगी व्यक्त की गयी. मुख्य अतिथि दुर्गाचरण तांती की ओर से आइजीएच गेट चौक को निर्मल मुंडा चौक से नामित करने के साथ-साथ वहां पर निर्मल मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की गयी. इस दौरान मुंडा राजा पितरुस कांडुलना, खड़िया राजा पुरमन डुंगडुंग, ओराम व किसान समाज के मुख्य पदाधिकारी समेत अन्य शामिल रहे. इस कार्यक्रम में राजगांगपुर से आये कलाकार हारेन बागे व समीर की ओर से मांदल की धुन पर गीत के माध्यम से आमको-सिमको के शहीदाें को श्रद्धांजलि दी गयी. इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में ट्रस्ट के अध्यक्ष बंधना टोप्पो, सचिव जेरोम केरकेट्टा, कोषाध्यक्ष बलवीर कुलू, संयुक्त सचिव थॉमस टोप्पो, उपाध्यक्ष हरमन लकड़ा, लाजरुस बिलुंग व अन्य की सक्रिय भूमिका रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >