Rourkela News: लौह अयस्क की चोरी में तीन ट्रेलर व एक जेसीबी जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार

Rourkela News: कोइड़ा माइनिंग सेक्टर के केबलांग में पुलिस ने छापेमारी कर लौह अयस्क की चोरी में संलिप्त तीन ट्रेलर व एक जेसीबी को जब्त किया है.

Rourkela News: कोइड़ा माइनिंग सेक्टर के केबलांग थाना अंचल में लौह अयस्क की चोरी के मामले में पुलिस ने पांच लाेगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 22 पहिया वाले राजस्थान के पंजीकरण नंबर वाले तीन नये ट्रेलर के साथ जेसीबी जब्त की गयी है. गिरफ्तार आराेपियों में विक्रम सिंह, राजेश सिंह, राहुल साहू, हसन खान, सोकेन खान शामिल हैं.

अंतर राज्यीय खनिज माफिया की संलिप्तता की आशंका

जानकारी के अनुसार, काेइड़ा माइनिंग सेक्टर के केबलांग थाना अंतर्गत रेंजड़ा रेल साइडिंग में गत 23 मार्च को अयस्क की चोरी में नियोजित तेलंगाना के पंजीकरण नंबर वाले चार वाहनों को जब्त किया गया था. साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. वहीं शुक्रवार रात यहां से लौह अयस्क की चाेरी के मामले में 22 पहिया वाले तीन ट्रेलर के साथ एक जेसीबी को केबलांग पुलिस ने जब्त किया है. वहीं इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आश्चर्य की बात यह है कि यहां पर अवैध खनन व खनिज की चाेरी को लेकर लगातार जांच, प्रवर्तन दल ने छापेमारी करने तथा संबंधित विभाग के मंत्रियों ने दौरा करने के बाद भी कोइड़ा माइनिंग सेक्टर में खदान माफिया के हौसले बुलंद हैं. इसके अलावा इस छापेमारी के दौरान दूसरे राज्यों की पंजीकरण वाली वाहनों की जब्ती से इस अंचल में हो रही खनिज संपदा की लूट के पीछे अंतरराज्यीय खदान माफिया का हाथ होने की आशंका जतायी जा रही है.

जांच और लगातार कार्रवाई का नहीं दिख रहा असर

सुंदरगढ़ जिले में अवैध खनन की जांच को लेकर राज्य सरकार के निर्देश पर नौ सदस्यीय टीम यहां जांच कर लौट चुकी है. वहीं शुक्रवार को राज्य के खदान मंत्री और वन मंत्री के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने क्षेत्र में पहुंच कर इसकी जांच की थी. इसके बाद भी खनिज माफिया पर इसका कोई असर होता नजर नहीं आ रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >