Rourkela News: ओडिशा के पंचायतीराज, पेयजल व ग्रामीण विकास मंत्री रवि नारायण नायक गुरुवार को सुंदरगढ़ जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्हाेंने जिले में जारी विभागीय कार्यों की समीक्षा की. राउरकेला के पानपोष स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता स्वयं मंत्री रवि नारायण नायक ने की. इस दौरान मंत्री नायक ने अलग-अलग विभागीय परियोजना की समीक्षा तथा इनका सफल कार्यान्वयन करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता विकसित गांव, विकसित ओडिशा के सूत्र को लागू करना तथा हर गांव में पीने के साफ पानी की सुविधा देना है.
विभागीय अधिकारियों को अधूरी परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिया, ताकि सभी जनहित परियोजनाएं समय पर पूरी हों और जनसेवा के लिए उपयोगी हों. इस बैठक में जिले के सभी ब्लॉक में ग्रामीण पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण आवास निर्माण, सड़क निर्माण परियोजनाओं और अधूरे कार्यों की प्रगति पर विस्तार में चर्चा की गयी. कुछ जगहों पर बिजली की समस्या के कारण पानी की आपूर्ति में रुकावट आ रही है. इस समस्या को जल्दी हल करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया. मंत्री ने अधिकारियों को अधूरे काम को जल्दी पूरा करने का निर्देश दिया. इस समीक्षा बैठक में रघुनाथपाली विधायक व सुंदरगढ़ जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष दुर्गाचरण तांती, जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्र, मुख्य विकास अधिकारी व जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरंजन साहू, पानपोष उप-जिलापाल चंद्रकांत मल्लिक के साथ-साथ सभी ब्लॉक और अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे.
‘मैंगो ऑन व्हील्स’ वाहन को पंचायती राज मंत्री ने दिखायी हरी झंडी
ओडिशा रूरल डेवलपमेंट एंड मार्केटिंग सोसाइटी (ओड़मास) सुंदरगढ़ और जिला प्रशासन ने 10के एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) योजना के तहत ‘मैंगो ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम शुरू किया है. इस पहल के हिस्से के रूप में, ओडिशा के पंचायती राज, पेयजल और ग्रामीण विकास मंत्री रवि नारायण नायक ने ‘मैंगो ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखायी और औपचारिक रूप से मदर डेयरी, दिल्ली को आमों के निर्यात की शुरुआत की. मंत्री ने कहा कि इस पहल से कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाजार संपर्क सुनिश्चित होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी और उनकी आजीविका मजबूत होगी. राउरकेला के सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में सुंदरगढ़ जिलापाल शुभंकर महापात्रा, जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी-सह-कार्यकारी अधिकारी सुरंजन कुमार साहू, पूर्व विधायक शंकर ओराम, ओडमास के उप सीइओ केशव झा, जिले के वरिष्ठ अधिकारी, बीडीओ और कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे. 10के एफपीओ पहल के तहत, लेफ्रीपाड़ा, बणई, नुआगांव, सबडेगा और लहुणीपाड़ा के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) प्राकृतिक रूप से पके हुए आम, लीची और तरबूज संग्रह कर रहे हैं और उन्हें ‘गांव आंब पसारा’ आउटलेट्स और सुंदरगढ़ में ओडमास आउटलेट के माध्यम से बेच रहे हैं. यह पहल एफपीओ किसानों को सीधे संस्थागत खरीदारों से जोड़ने में मदद कर रही है, जिससे आपूर्ति शृंखला में बिचौलियों की भूमिका कम हो रही है. इसके परिणामस्वरूप, किसानों को अब अपने प्राकृतिक रूप से पके फलों के लिए बेहतर बाजार पहुंच और उचित मूल्य मिल रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम से ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिलने, किसान समूहों को मजबूती मिलने और सुंदरगढ़ के कृषि उत्पादों का बड़े राष्ट्रीय बाजारों में प्रचार-प्रसार होने की उम्मीद है.
