Rourkela News: जीएम ने राउरकेला स्टेशन के पास रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण का लिया जायजा

Rourkela News: दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल जैन ने राउरकेला स्टेशन का दौरा किया. उन्होंने पानपोष में विंडो इंस्पेक्शन भी किया.

Rourkela News: दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल जैन ने शनिवार को राउरकेला स्टेशन का दौरा कर ताबड़तोड़ निरीक्षण किया. इस दौरे पर जीएम जैन ने स्टेशन के सेकेंड इंट्री गेट समेत स्टेशन के अलग-अलग स्थानों का जायजा लिया. जीएम अनिल जैन शनिवार दोपहर करीब 1:13 बजे झारसुगुड़ा से विशेष सैलून से राउरकेला पहुंचे. उनका सैलून स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर पहुंचा. इस दौरान उन्होंने अपने सैलून से भी विंडो इंस्पेक्शन किया.

अपनी टीम के साथ पार्सल, पार्किंग व अलग-अलग विभागों का किया निरीक्षण

राउरकेला पहुंचने के बार रेलवे जीएम ने झारसुगुड़ा छोर की ओर बने नये फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण किया. सेकेंड इंट्री गेट में बने टिकट काउंटर के पीछे जाकर रेल पटरी का जायजा लिया. इस बुकिंग काउंटर के पीछे रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण को भी उन्होंने देखा और वहां पर नाप-जोख भी कराया. इसके बाद सेकेंड इंट्री गेट की सीढ़ियों से होकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की तरफ अपने काफिला के साथ रवाना हुए. प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पार्सल कार्यालय, पास ही बन रही पार्किंग का भी उन्होंने जायजा लिया. इसके बाद जीएम ने स्टेशन में स्थित अलग-अलग विभागों का भी निरीक्षण किया.

पानपोष स्टेशन में विंडो इंस्पेक्शन किया

करीब एक घंटे तक राउरकेला स्टेशन का ताबड़तोड़ निरीक्षण करने के बाद वे अपने काफिला के साथ बंडामुंडा रवाना हुए. इस दौरे में उनके साथ चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया, बंडामुंडा एआरएम अमित षाड़ंगी, राउरकेला आइओडब्ल्यू समेत दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय, गार्डन रीच की टीम, चक्रधरपुर रेल मंडल की टीम के अलावा आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारी व जवान शामिल थे. झारसुगुड़ा से राउरकेला आने के क्रम में जीएम ने पानपोष स्टेशन पर भी कुछ देर रुककर वहां पर विंडो इंस्पेक्शन किया.

फोटो लेने से मना करने पर मीडियाकर्मियों में दिखी नाराजगी

रेलवे जीएम के दौरे को कवर करने के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों को फोटो लेने से मना कर दिया गया. इसको लेकर उनमें सख्त नाराजगी दिखी. मीडियाकर्मियों की नाराजगी को देखने के बाद अंतत: उन्हें तस्वीरें लेने की अनुमति प्रदान की गयी.

बंडामुंडा में परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का दिया निर्देश

दक्षिण-पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन ने शनिवार दोपहर बंडामुंडा पहुंचकर रेलवे की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से रेलवे के नियमित कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली. जीएम सबसे पहले बंडामुंडा डीजल शेड के बाहर स्थित ऑटोमेटिक लेवल क्रॉसिंग फाटक पहुंचे. यहां उन्होंने फाटक में लगे सेंसर सिस्टम की कार्यप्रणाली की जांच की. परीक्षण के लिए एक इंजन को फाटक से गुजारा गया. इंजन आने से पहले सेंसर सक्रिय होते ही फाटक ऑटोमैटिक बंद हो गया. इसके बाद जीएम अनिल कुमार जैन ने बंडामुंडा के केबिन पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित विभागों के प्रमुखों को कार्यों में तेजी लाने तथा विकास परियोजनाओं के समयबद्ध एवं सुचारु क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >