Rourkela News: आइडीएल स्वप्नेश्रर मंदिर के पास सरकारी जमीन पर बने सात मकानों को प्रशासन ने गुरुवार को बुलडोजर लगाकर जमींदोज कर दिया. राउरकेला तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारियों, टांगरपाली पुलिस और एक जेसीबी की मदद से आइडीएल स्थित स्वप्नेश्वर मंदिर के पास यह कार्रवाई की गयी.
बोले लोग-नहीं पता था जमीन सरकारी है
इस दौरान, प्रशासनिक टीम के साथ बहस कर रहे एक युवक को भी दबोचा गया. उसे पकड़ा गया. जो लोग इस मकान में रह रहे थे, उन्होंने दावा किया कि उन्होंने जमीनें खरीदी हैं और पता नहीं था कि सरकारी जमीन हैं. जिस शख्स से जमीन खरीदी गयी थी, मौके से लोगों ने उसे फोन भी लगाया, लेकिन उसने फोन बंद कर लिया. जानकारी के अनुसार, पिछले साल साहू नामक शख्स ने आइडीएल में कई लोगों को सरकारी जमीन बेची थी. इसका पता चलने पर प्रशासन ने उसे ध्वस्त कर दिया था. लोगों ने उस समय उससे पैसे वापस मांगे थे, लेकिन पैसे वापस नहीं मिले. इसी तरह स्वप्नेश्वर मंदिर के पास एक सरकारी जमीन थी, जहां से सीवेज का पानी निकल रहा था. सात लोगों ने इसे हेमंत महंत नामक व्यक्ति से खरीदा था और घर बनाकर रह रहे थे. खरीद-फरोख्त के समय विक्रेताओं ने वादा किया था कि जमीन सरकारी नहीं है और कुछ भी नहीं होगा. मकानों में रह रहे लोगों ने प्रशासन से तोड़फोड़ रोकने की गुहार लगायी, लेकिन उन्हें बताया गया कि ऐसा संभव नहीं है.
बरगढ़ : पाइकमाल रोड से नर्सिंहपड़ा तक अवैध मकानों पर चला बुलडोजर
बरगढ़ जिले के पद्मपुर अनुमंडल के पाइकमाल में पाइकमाल रोड से नर्सिंहपड़ा तक अवैध मकानों को प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर ढहा दिया है. झारबंद तहसीलदार आलेख घुटा मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद थे, जबकि पाइकमाल तहसीलदार सिंधुसुता पात्रा, पाइकमाल थाना अधिकारी कैलाश चंद्र प्रधान, पुलिस बल, अग्निशमन विभाग, पाइकमाल तहसील के सभी क्षेत्रीय निरीक्षक और अमीन मौजूद थे. प्रशासन की ओर से सरकारी जमीन पर बने मकानों के मालिकों को तीन बार नोटिस दिये जाने के बाद यह कार्रवाई की गयी. अधिकतर मकान मालिकों ने प्रशासन द्वारा चिह्नित सरकारी जमीन को पहले ही खाली कर दिया था. बताया गया है कि लगभग एक साल से अधूरी पड़ी सड़क के पास रास्ते में बने घर को गिराने के बाद सड़क का काम शुरू होगा. पाइकमाल तहसीलदार सिंधुसुता पात्रा और थाना अधिकारी कैलाश चंद्र प्रधान ने बताया कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, क्योंकि तोड़फोड़ के दौरान किसी भी मकान मालिक ने कोई आपत्ति नहीं जतायी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
