Bhubaneswar News: ओडिशा सरकार ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को दी मंजूरी
Bhubaneswar News: राज्य स्तरीय एकल खिड़की मंजूरी प्राधिकरण की में 4,111.80 करोड़ के 23 औद्योगिक निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी.
Bhubaneswar News: ओडिशा सरकार ने मंगलवार को 4,111.80 करोड़ रुपये के 23 औद्योगिक निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनसे लगभग 10,000 नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एकल खिड़की मंजूरी प्राधिकरण की 144वीं बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी.
11 जिलों में लागू की जायेंगी परियोजनाएं
उद्योग विभाग ने एक बयान में कहा कि स्वीकृत परियोजनाएं मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल पूंजीगत वस्तुओं, परिधान और कपड़ा, वैमानिकी और रक्षा विनिर्माण, जहाज निर्माण और मरम्मत सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई हैं. इन परियोजनाओं को 11 जिलों में लागू किया जायेगा, जिससे क्षेत्रीय रूप से संतुलित औद्योगिक विकास और रोजगार के व्यापक अवसर सुनिश्चित होंगे. जिन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, उनमें एमके एसेट्स प्राइवेट लिमिटेड का 210 करोड़ रुपये प्रस्ताव, निफा लिमिटेड का 384 करोड़ रुपये का प्रस्ताव और नॉर्दर्न एक्सप्रेस इंफ्राडेवलपर्स का 339.40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है.
ओडिशा सरकार ने संविदा पर कार्यरत आयुष चिकित्सकों का वेतन बढ़ाया
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा पर कार्यरत आयुष चिकित्सकों का वेतन बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. एक बयान में यह जानकारी दी गयी. मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि यह बढ़ोतरी उनके सेवाकाल के आधार पर हर माह 20,000 रुपये से 40,000 रुपये तक होगी. इसमें कहा गया है कि पांच साल से कम अनुभव वाले चिकित्सकों के वेतन में 20,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी और मूल वेतन अब 56,948 रुपये हो जायेगा. पांच से 10 साल के अनुभव वाले चिकित्सकों के वेतन में 25,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी, जिससे उनका मूल वेतन 74,467 रुपये हो जायेगा. 10 से 15 साल के अनुभव वाले चिकित्सकों के वेतन में 30,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी, जिससे उनका वेतन हर महीने 80,467 रुपये हो जायेगा. बयान में कहा गया है कि 15 वर्ष से ज्यादा के सेवाकाल वालों को सबसे अधिक 40,000 रुपये की बढ़ोतरी मिलेगी, जिससे उनका वेतन 91,467 रुपये हो जायेगा. इसमें कहा गया है कि इससे 2912 आयुष चिकित्सकों को फायदा होगा.