Rourkela News: राउरकेला स्टेशन के रेलवे पार्सल कार्यालय में अब तक नहीं लगा स्कैनर

Rourkela News: अक्तूबर 2025 में 120 किलो गांजा बरामद होने के बाद पार्सल कार्यालय में स्कैनर लगाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक नहीं लगा.

Rourkela News: दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत आने वाले राउरकेला रेलवे स्टेशन के रेलवे पार्सल कार्यालय से 35 लाख रुपये मूल्य का 120 किलोग्राम गांजा 30 अक्तूबर, 2025 को बरामद किया गया था. इस घटना के बाद इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पार्सल कार्यालय में स्कैनर लगाने का निर्णय लिया गया था.

अधिकारियों का कई बार कराया गया ध्यानाकर्षण

भविष्य में मादक पदार्थ, कोई विस्फोटक वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री रेलवे पार्सल कार्यालय के जरिये पार्सल में भेजी गयी हो, तो समय रहते इसका पता लगाकर किसी अनिष्ट से बचा जा सके, इसके लिए पार्सल स्कैनर लगाने का निर्णय लिये जाने के कई महीने बीत जाने के बाद भी यहां पर स्कैनर लगाने का काम नहीं हो सका है. जबकि पार्सल कार्यालय के अधिकारी कई बार इसे लेकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करा चुके हैं. इसके बाद भी यहां पर स्कैनर नहीं लगाये जाने को राउरकेला रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के प्रति खिलवाड़ माना जा रहा है.

दिल्ली भेजने के लिए बुक दो बोरे से बरामद हुआ था 35 लाख का गांजा

विदित हो कि 30 अक्तूबर, 2025 को दोपहर करीब दो बजे राउरकेला जीआरपी ने पार्सल कार्यालय में छापेमारी की. जांच के दौरान दो बड़े बोरे बरामद किये गये, जिनमें भारी मात्रा में गांजा मिला. ये बोरे उक्त तिथि की सुबह ही दिल्ली भेजने के लिए बुक किये गये थे. योजना थी कि इन्हें संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस में लोड किया जायेगा, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को गुप्त सूचना मिल गयी और तुरंत कार्रवाई कर इसे जब्त कर लिया गया था. इस दाैरान इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्टेशन के पार्सल कार्यालय में स्कैनर लगाने का निर्णय लिया गया था. इतनी बड़ी घटना के बाद भी रेलवे की ओर से पार्सल की उचित जांच के लिए अब तक स्कैनर नहीं लगाया गया.

प्रभात इंपैक्ट : रेलवे ने शुरू किया नवनिर्मित शेड की मरम्मत का काम

राउरकेला रेलवे स्टेशन में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर प्रभात खबर के राउरकेला संस्करण के गुरुवार के अंक में प्रमुखता व विस्तार से खबर प्रकाशित की गयी थी. जिसमें रेलवे स्टेशन के बाहर नवनिर्मित शेड में पानी जमा होने से काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाया गया था. खबर प्रकाशित होने के चंद घंटों में इसका इंपैक्ट देखा गया. गुरुवार सुबह से ही रेलवे की ओर से कर्मचारियों को लेकर शेड पर जमा पानी को साफ कराया गया. वहीं आगामी दिनों में पानी न जमा हो, इसकी भी व्यवस्था की गयी है. जानकारी के अनुसार, प्रभात खबर ने गुरुवार के संस्करण में शेड में घटिया निर्माण का काम, रेलवे के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेड के टूटी होने, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एस्केलेटर न चलने तथा इसी प्लेटफॉर्म में लिफ्ट के बारे में संकेतक नहीं होने, प्लेटफॉर्म नंबर-4 व 5 में लिफ्ट काम नहीं करने, प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर निर्माण सामग्री रखी होने, निर्माणाधीन स्थान से लोहे की रॉड निकलने को लेकर यात्रियों को हो रही परेशानी को दर्शाया था. यह खबर प्रकाशित होने के बाद शेड की मरम्मत का काम तो शुरू कर दिया गया है, अब देखना यह है कि यात्रियों की अन्य असुविधाओं का समाधान रेलवे कब तक कर पाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >