Rourkela News: 627.17 करोड़ रुपये से राउरकेला सरकारी अस्पताल के विस्तार को 40 एकड़ जमीन की तलाश

Rourkela News: मुख्यमंत्री ने आरजीएच के विस्तार पर 627.16 करोड़ खर्च करने की घोषणा की थी, लेकिन एक साल बाद भी काम शुरू नहीं हुआ.

Rourkela News: राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) के विस्तार की घोषणा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 30 मई 2025 को की थी. इसके बाद राज्य सरकार की ओर से इसके लिए 627.16 करोड़ की राशि भी स्वीकृत कर दी गयी. लेकिन जगह की कमी के कारण एक साल बाद भी इसको लेकर कोई काम शुरू नहीं हो सका है.

स्वास्थ्य विभाग ने जिलापाल को पत्र लिखकर जमीन चिह्नित करने का किया है अनुरोध

राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) आज जगह की कमी से जूझ रहा है. विडंबना यह है कि विस्तार के लिए 627.16 करोड़ रुपये स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण के लिए जमीन ही नहीं बची है.वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग विस्तार के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश कर रहा है. जानकारी के अनुसार, जगह चिह्नित होते ही स्वीकृत राशि से राउरकेला सरकारी अस्पताल का विस्तार किया जायेगा. कुछ महीने पहले ओडिशा के स्वास्थ्य सचिव ने सुंदरगढ़ जिलापाल को पत्र लिखकर आरजीएच के विस्तार के लिए लगभग 40 एकड़ जमीन चिह्नित करने का अनुरोध किया था. जिलापाल कार्यालय से पत्र राउरकेला के अतिरिक्त जिलापाल (एडीएम) तक पहुंचने पर एडीएम ने आरजीएच अधिकारियों से विस्तृत जानकारी मांगी. पता चला है कि आरजीएच अधिकारियों ने हाइटेक चौक के पास स्थित एक अनुपयोगी जमीन को प्रस्तावित किया है.

अस्पताल में बेड की संख्या 437 से बढ़ाकर की जायेगी 763

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मई 2025 में राउरकेला दौरे पर आये थे. उस समय उन्होंने इस अस्पताल के विस्तार पर 627.16 करोड़ रुपये खर्च किये जाने की घोषणा की थी. इसके अस्पताल में बेड की संख्या 437 से बढ़ाकर 763 की जायेगी. हालांकि अभी तक भवन निर्माण के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा सका है. बताया जा रहा है कि जगह की कमी के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है.

आरजीएच के पास अब बची है मात्र 15 एकड़ जमीन

राउरकेला सरकारी अस्पताल 40 एकड़ से अधिक जमीन पर बना था. 2009 में एक निजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के लिए लगभग 15 एकड़ जमीन दे दी गयी. वहीं 10 एकड़ जमीन एक धार्मिक स्थल के निर्माण के लिए दे दी गयी थी. अब आरजीएच के पास सिर्फ 15 एकड़ जमीन बची है. विशेषज्ञों का मानना है कि विस्तार की योजना में अगर कई बहुमंजिला इमारतें नहीं बनायी गयीं, तो जगह की कमी पड़ सकती है. ऐसे में आरजीएच को दूसरी जगह स्थानांतरित करके ही समस्या का संतोषजनक समाधान निकाला जा सकता है. सरकार की ओर से इस अस्पताल के विस्तार के लिए मंजूर 627 करोड़ राशि का निवेश कैसे होगा, स्वास्थ्य विभाग आगे क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की निगाहें हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >