भुवनेश्वर : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी अक्तूबर महीने में ओडिशा दौरे पर आ सकते हैं. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मंगलवार को बताया - पार्टी आलाकमान को इस संबंध में प्रस्ताव भेजकर अनुरोध किया गया है. इस दौरे के दौरान राहुल गांधी के भुवनेश्वर में प्रस्तावित 'छात्र की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने की प्रबल संभावना है. इसमें करीब 20 हजार युवाओं के जुटने की उम्मीद है.
जेन-जी के मुद्दों पर होगी खास चर्चा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने बताया - भुवनेश्वर में होने वाले इस बड़े कार्यक्रम में विशेष रूप से 'जेन-जी' से जुड़े मुद्दों और युवाओं की चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. साथ ही आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस राज्यभर में कई व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी.
पदयात्रा में भी हो सकते हैं शामिल
इसी कड़ी में पार्टी 2 अक्टूबर से नबरंगपुर से पदयात्रा शुरू करने जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल होंगे. इन पदयात्राओं की निगरानी के लिए विशेष समितियां भी गठित की जाएंगी. संभावना जताई जा रही है कि राहुल गांधी पदयात्रा में भी शामिल होंगे.
जनवरी-फरवरी में प्रियंका गांधी भी करेंगी दौरा
भक्त चरण दास ने बताया कि पार्टी के अभियान को गति देने के लिए जनवरी और फरवरी के बीच राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी ओडिशा का दौरा करेंगे. कांग्रेस इन आगामी कार्यक्रमों और दौरों के माध्यम से राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने तथा पंचायत चुनावों की तैयारियों को धार देने पर जोर दे रही है.
