Rourkela News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को राउरकेला दौरे पर आ रही हैं. वे स्मार्ट सिटी के लोगों को 150 करोड़ से अधिक लागत वाली चार परियोजनाओं की सौगात देंगी. इसके अलावा कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार सुबह 10:35 बजे झारसुगुड़ा हवाई अड्डा पर पहुंचेंगी. वहां से विमान से वे राउरकेला आयेंगी. राउरकेला पहुंचने के बाद वे 150 करोड़ से अधिक की लागत वाली चार परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी. इसके अलावा वे एयरपोर्ट मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी.
इन परियोजनाओं का राष्ट्रपति करेंगी उद्घाटन
राउरकेला दौरे पर राष्ट्रपति सेक्टर-20 में कोयल नदी के किनारे बैकुंठ घाट के पास 36 एकड़ में निर्मित रिक्रियेशनल पार्क का उद्घाटन करेंगी. 42.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पार्क परिसर में सभी उम्र के लोगों के लिए मनोरंजन और शिक्षा की सुविधाएं हैं. परिसर में विवाह मंडप, दूल्हा-दुल्हन के लिए गेस्ट हाउस, बच्चों के खेल मैदान, नौका विहार, पानी की टंकी, भूतापीय क्षेत्र, औषधीय उद्यान और छोटी कृत्रिम नदी बनायी गयी है. वहीं छेंड कॉलोनी में 27 करोड़ की लागत से साइंस पार्क और 125 फीट लंबा तारामंडल भी बनाया गया है. यहां टिकट लेकर प्रवेश की व्यवस्था है. तारामंडल में ब्रह्मांड के विभिन्न ग्रहों, नक्षत्रों और सौर मंडल समेत भारत के मंगल और चंद्र मिशन से जुड़ी जानकारी प्रदान की जायेगी. साथ ही यहां बच्चों के लिए विज्ञान से जुड़े कई उपकरण लगाये गये हैं. यहां ग्रहों के आकार के गोले, संगीत की धुनों वाले गड्ढे, पिनहोल कैमरा, वाटर टरबाइन, ग्रहों की गति मापने वाले यंत्र जैसे उपकरण हैं. पार्क में गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन, परमाणु भौतिक विज्ञानी होमी भाभा, रसायनविद प्रफुल्ल चंद्र राय, भौतिक विज्ञानी सीवी रमन, मेघनाद साहा और गणितज्ञ सत्येंद्र नाथ बोस की प्रतिमाएं भी स्थापित की गयी हैं. प्रवेश द्वार पर टिकट काउंटर के साथ फूलों और खाद्य पदार्थों की उत्पत्ति के बारे में जानकारी देने वाले चित्र लगाये गये हैं. इसके अलावा राष्ट्रपति राउरकेला वन कॉम्प्लेक्स में 48 करोड़ की लागत से बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) और 40 करोड़ की लागत से बने ट्राइबल म्यूजियम का भी उद्घाटन करेंगी. इन चारों परियोजनाओं पर 150 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किया गया है. वहीं राष्ट्रपति अपने इस दौरे पर एयरपोर्ट के पास मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगी. इसकी तैयारियां भी जोर-शोर से जारी हैं.
केंद्रीय मंत्री जुएल, विधायक दुर्गा तांती व जिलापाल ने लिया तैयारियों का जायजा
भारत की राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू 21 अप्रैल को राउरकेला के एक दिवसीय दौरे पर आ रही हैं. उनके दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है. सोमवार को रिंग रोड के प्रत्येक ट्रैफिक पोस्ट पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है. वहीं एयरपोर्ट के पास मैदान में स्कूली बच्चों के लिए अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी भी चल रही है. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एयरपोर्ट मैदान में एक जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है. इसके लिए राउरकेला एयरपोर्ट मैदान को तैयार किया है. पश्चिमांचल डीआइजी बृजेश कुमार राय, राउरकेला एसपी नीतेश वाधवानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौरे और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की, वहीं सुंदरगढ़ जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्र ने भी राउरकेला का दौरा किया और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया. इसके अलावा सोमवार को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, और रघुनाथपाली विधायक दुर्गा चरण तांती ने समारोह स्थल का दौरा किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया. केंद्रीय मंत्री ने बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों को भी देखा.
