Sundargarh News: बिहार के एक लुटेरा गैंग के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं. पांचों आरोपी साधुओं का वेश बनाकर लोगों को ठगते थे. सुंदरगढ़ सदर पुलिस ने इस अंतरराज्यीय लुटेरा गैंग का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने बिहार से आये पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की, जो ओडिशा में ठगी में शामिल थे. लुटेरों का यह गैंग साधुओं का भेष बनाकर, हाथों में भगवान की मूर्तियां और गले में रुद्राक्ष की माला पहनकर आम लोगों के भरोसे से खेलता था और उनसे पैसे के साथ सोने के गहने भी ठग लेता था. लोगों की कुंडली देखकर और उनके परिवार में बुरा होने की धमकी देकर लोगों को ठगते थे.
बेटे और पति के जीवन पर खतरा बता ठग लिये थे रुपये व आभूषण
जानकारी के मुताबिक, साधुओं के वेश में पांच आरोपी शुक्रवार दोपहर सुंदरगढ़ सदर थाना इलाके में एक महिला के घर पहुंचे. पहले उन्होंने कुछ चावल मांगे और उनकी पूजा करके उनका भरोसा जीत लिया. बाद में उन्होंने धमकी दी कि उसके बेटे और पति पर बहुत बड़ा खतरा आ जायेगा. इसे रोकने के लिए उन्होंने कहा कि वे सोना और पैसे देंगे और पूजा करके समस्या का हल निकाल लेंगे. डरी हुई महिला ने अपने सोने के झुमके के साथ 1000 रुपये दे दिये. इसके बाद आरोपियों ने उसे वहां से पीटकर भगा दिया. बाद में महिला को शक हुआ और उसने सदर थाना में शिकायत दर्ज करायी.
