Bhubaneswar News: भाजपा राज्यभर में निकालेगी जन आक्रोश महिला पदयात्रा : अनीता पटनायक

Bhubaneswar News: महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है. भाजपा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा है.

Bhubaneswar News: महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है. इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यभर में व्यापक विरोध कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है. सांसद अनीता शुभदर्शिनी पटनायक ने बताया कि सोमवार से 29 अप्रैल तक ओडिशा के सभी मंडलों में ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ आयोजित की जायेगी. उन्होंने बताया कि इससे पहले राजधानी भुवनेश्वर में 22 अप्रैल को एक बड़े पैमाने पर पदयात्रा आयोजित की गयी थी, जबकि 24 और 25 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में महिला सम्मेलन और पदयात्राएं आयोजित की जा चुकी हैं, जिन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला.

28 को भुवनेश्वर में एक विशाल महिला आक्रोश मशाल रैली

पटनायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के रुख से महिलाओं के प्रति उनका विरोधी दृष्टिकोण उजागर हुआ है. उन्होंने आगे बताया कि 28 अप्रैल को भुवनेश्वर में एक विशाल महिला आक्रोश मशाल रैली भी आयोजित की जायेगी, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाएं बड़ी संख्या में भाग लेंगी. उन्होंने महिलाओं से इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया. पटनायक ने कहा कि महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए भाजपा का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा. इस अवसर पर मंत्री नित्यानंद गोंड और राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष ऐश्वर्या बिश्वाल सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे.

अनुगूल : भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल व नवीन का फूंका पुतला

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला मोर्चा ने रविवार को अनुगूल जिले में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया. इस रैली में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और बीजद पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया. रैली में भाजपा जिला अध्यक्ष ययाति पटनायक, जिला योजना समिति के अध्यक्ष व पल्लाहड़ा विधायक अशोक मोहंती, अनुगूल विधायक प्रताप चंद्र प्रधान, पूर्व मंत्री संजीव साहू, राज्य कार्यकारिणी सदस्य दिलेश्वर प्रधान व मित्तल मिश्रा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नारी शक्ति वंदन एक्ट बिल पेश किया है, जिसका कांग्रेस और बीजद विरोध कर रही है. उन्होंने कहा कि ये दल नहीं चाहते कि महिलाएं आगे बढ़ें और देश के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं. इस अवसर पर हजारों महिलाओं ने जगन्नाथ मंदिर से पदयात्रा निकाली और शहर का भ्रमण किया. सभा स्थल पर पहुंचने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक के पुतले जलाये. प्रदर्शन में जिला महासचिव सुदीप गड़नायक, महिला मोर्चा की राज्य कार्यकारी सदस्य रोजलिन दास, जिला उपाध्यक्ष नमिता दलबेहेरा, पार्षद सरिता मिश्रा, सुजाता साहू, राज्य सचिव माधुरी स्मिता त्रिपाठी, अंजलि प्रधान, शोभागिनी प्रधान, योगमाया प्रियदर्शनी महापात्रा, जैस्मिन प्रधान, शोभागिनी प्रधान, मितारानी पात्रा, लक्ष्मीप्रिया मोहंती, अपर्णा साहू, ज्योतिर्मयी देहुरी, सुभाषमिता जेना, स्मितारानी नाथ समेत हजारों कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >