Rourkela News: देवी-देवताओं का लिया आशीर्वाद, मांगी सुख-समृद्धि

Rourkela News: नव वर्ष के प्रथम दिन स्मार्ट सिटी के लोगों ने मंदिरों में मत्था टेका. देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया.

Rourkela News: सुंदरगढ़ जिला की राउरकेला स्टील सिटी व स्मार्ट सिटी समेत आसपास के इलाकों में लोगों ने नव वर्ष-2026 के पहले दिन की शुरुआत मंदिरों में देवी-देवताओं के दर्शन व पूजा-पाठ करके की. शहर व आसपास के मंदिरों में गुरुवार सुबह से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था. इस बार नव वर्ष पर उदितनगर में नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर में भक्ताें की भारी भीड़ दिखी. इसके अलावा सेक्टर-3 अहिराबंध, बसंती कॉलोनी, कोयलनगर, झीरपानी, नयाबाजार और सेक्टर-6 जगन्नाथ मंदिर में नव वर्ष के प्रथम दिन महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा.

सुबह से शाम तक लगी रही भक्तों की कतार

दुर्गापुर पहाड़ी पर स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर, हनुमान वाटिका, बसंती कॉलोनी स्थित दुर्गा वाटिका, सेक्टर-6 तारा-तारिणी मंदिर, सेक्टर-16 मां तारिणी मंदिर, सेक्टर-19 अखंडलमणि मंदिर, सेक्टर-16 धवलेश्वर मंदिर, सेक्टर-18 हनुमान मंदिर व शनि मंदिर, एफसीआइ चौक लोकनाथ मंदिर, उदितनगर अखंडमणि मंदिर, मां सिंहासिनी मंदिर, पानपोष राम मंदिर, सेक्टर-20 डी ब्लॉक शिव मंदिर, सेक्टर-19 मंगला मंदिर, छेंड कॉलोनी भगवती मंदिर के अलावा त्रिशक्ति धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. वेदव्यास श्री बालुंकेश्वर व श्री चंद्रशेखर मंदिर, तरकेरा धवलेश्वर मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भक्तों की टोली पहुंची. सुबह सात बजे से श्रद्धालुओं की टोली मंदिरों में पहुंचने लगी थी. इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी. भक्तों की ओर से भगवान से नव वर्ष पर सुख, समृद्धि व शांति की कामना की गयी.

मां वैष्णो देवी और भैरवनाथ का किया दर्शन-पूजन

मां वैष्णो देवी मंदिर में नव वर्ष पर दर्शन व पूजन को भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी. सुबह से लेकर देर शाम तक यहां पर भक्तों की लंबी कतार लगी रही. यहां पर मंदिर तक पहुंचने के लिए 700 से अधिक सीढ़ियां चढ़कर जाना पड़ता है. वहीं माता के मंदिर में दर्शन करने के बाद ऊपर बने भैरवनाथ मंदिर जाकर भी भक्त दर्शन करते हैं. यहां भक्तों को घंटों कतार में इंतजार करना पड़ा, लेकिन माता का दर्शन कर लौटे भक्तों के चेहरों पर एक अलग ही चमक नजर आ रही थी. भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के ऊपर तथा नीचे पुलिस प्रशासन तथा मंदिर कमेटी की ओर से पर्याप्त बंदोबस्त किये गये थे. इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी पूजा कमेटी व पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहा. इस दौरान कई मंदिरों में प्रसाद खरीदने के लिए भी भक्तों में होड़ मची रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >