भुवनेश्वर: ऑस्ट्रेलिया से नेपाल घूमने पहुंचे ओडिशा के एक दंपती के भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद लापता होने की सूचना है. दोनों के संपर्क में नहीं आने से उनके परिजनों की चिंता बढ़ गयी है.
खुर्दा जिला के निवासी हैं संदीप और सिद्धार्थी
खुर्दा जिले के रहने वाले संदीप महापात्र और उनकी पत्नी सिद्धार्थी कुमारी साहू 22 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया से नेपाल पहुंचे थे. दोनों काठमांडू में पर्यटन के लिए गये थे. हालांकि, प्राकृतिक आपदा के बाद से उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है. जानकारी के अनुसार, दंपती वर्ष 2018 से ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है.
उनके मोबाइल फोन कल से बंद बताये जा रहे हैं. उनकी आखिरी ज्ञात लोकेशन नेपाल स्थित इमिग्रेशन कार्यालय के पास दर्ज हुई है. बाढ़ और भूस्खलन के कारण नेपाल के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और संचार व्यवस्था भी बाधित हुई है. ऐसे में लापता दंपती का पता लगाने में राहत एवं बचाव दलों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
संपर्क नहीं हो पाने से परिवार चिंतित, तलाश जारी
नोडल अधिकारी प्रीतिश पंडा के अनुसार, लापता दंपती की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं. अधिकारियों की टीमें मौजूदा परिस्थितियों के बीच उनकी सुरक्षित तलाश में जुटी हुई हैं. इधर, परिवार के सदस्य दोनों की सुरक्षित वापसी की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
