Rourkela News: स्मार्ट सिटी को जल्द मिलेगी दो आवासीय परियोजनाओं की सौगात : गंगाधर नायक

Rourkela News: ओएसएचबी के प्रबंध निदेशक दो दिवसीय दौरे पर राउरकेला पहुंचे. उन्होंने बोर्ड की परियोजनाओं के बारे में जानकारी साझा की.

Rourkela News: ओडिशा स्टेट हाउसिंग बोर्ड (ओएसएचबी) के प्रबंध निदेशक गंगाधर नायक दो दिवसीय दौरे पर स्मार्ट सिटी राउरकेला पहुंचे हैं. उन्होंने गुरुवार को बसंती कॉलोनी स्थित ओएसएचबी के कार्यालय में बात करते हुए कहा कि बहुत जल्द स्मार्ट सिटी राउरकेला को दो आवासीय परियोजनाओं की सौगात दी जायेगी. पूछने पर उन्होंने बताया कि जमीन की समस्या को लेकर लंबे समय से ओएसएचबी कोई आवासीय परियोजना शहर में शुरू नहीं कर पायी है, लेकिन अब इसके लिए धीरे-धीरे राह आसान हो रही है. सबकुछ ठीक रहा, तो जल्द ही यह प्रोजेक्ट राउरकेलावासियों को मिल जायेंगे.

18 एकड़ भूमि पर है अवैध कब्जा

गंगाधर नायक ने बताया कि ओएसएचबी की 18 एकड़ जमीन पर राउरकेला में कब्जा है. कब्जा करनेवाले अलग-अलग संस्था और व्यक्तिगत लोग हैं. इसे लेकर अब राज्य सरकार के पास हम गये हैं. सरकार अवैध कब्जा हटाने के लिए पूरी तरह से तैयार दिख रही है. लिहाजा हम पूरी तरह से आशान्वित हैं कि हमारी परियोजना यहां शुरू होंगी. इसके लिए सभी विभाग एक-दूसरे के संपर्क में हैं. अतिक्रमण मुक्त होने की स्थिति में बोर्ड के पास परियोजनाओं को पूरा करने के लिए साधन मौजूद रहेंगे. इससे आम लोगों को सस्ता मकान मिल पायेगा और आवासीय समस्याएं दूर होंगी.

बसंती कॉलोनी की परियोजना का डीपीआर अप्रैल तक

श्री नायक ने कहा कि बसंती कॉलोनी में हमारी दो परियोजनाओं (एक आवासीय और दूसरी व्यवसायिक) को लेकर गंभीरता से काम किया जा रहा है. सबकुछ ठीक रहा, तो अप्रैल के अंत तक इसका डीपीआर तैयार हो जायेगा. इसकी घोषणा काफी पहले हुई थी, लेकिन अब तक यह नहीं हो पाया है. इससे हम अवगत हैं, लेकिन इस पर तेजी से काम चल रहा है.

फ्री होल्ड करने की प्रक्रिया होगी तेज

श्री नायक ने आगे बताया कि उनके दो दिवसीय दौरे का एक मकसद हाउसिंग बोर्ड के अधीन आनेवाले मकान मालिक हैं, जो अब तक फ्री होल्ड नहीं पाये हैं. कुल 250 एकड़ भूमि पर हमने आवास बनाकर आवंटित किये हैं, लेकिन इसमें से 130 एकड़ अभी भी फ्री होल्ड नहीं हुए हैं. अब इसके लिए ओएसएचबी भुवनेश्वर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से हमारी बातचीत हुई है. शीघ्र ही सभी फ्री होल्ड हासिल कर पायेंगे.

प्रशासनिक अधिकारियों से भी मिले प्रबंध निदेशक

श्री नायक ने अपने दौरे के दौरान उपजिलापाल, अतिरिक्त जिलापाल तथा अंत में सुंदरगढ़ के जिलापाल से मुलाकात कर ओएसएचबी की समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की.

जगह की कमी, बनेंगे अपार्टमेंट

श्री नायक ने कहा कि बोर्ड पहले की तरह अब सिंपलेक्स मकान आवंटन करने की स्थिति में नहीं है क्योंकि हमारे पास जमीन उपलब्ध नहीं है. इसलिए अपार्टमेंट ही एकमात्र विकल्प है. जमीन पर अपार्टमेंट बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को आवास मुहैया कराने का प्रयास किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि बोर्ड के अधीन सर्वाधिक ऊंची बिल्डिंग 13 मंजिल की है. भविष्य में इस पर सरकार आगे भी निर्णय ले सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >