Rourkela News: उदितनगर टीना कॉलोनी में गिरा 100 साल पुराना पीपल का पेड़, काल बैसाखी ने मचाया तांडव
Rourkela News: स्मार्ट सिटी में सोमवार की शाम काल बैसाखी के प्रभाव में आंधी-पानी ने करीब 10 मिनट तक जमकर तांडव मचाया. तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गये. वहीं कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गये. डीएवी चौक पर वाहन चालकों को छांव प्रदान करने के लिए बनाया गया अस्थायी शेड भी टूटकर गिर पड़ा था. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. काल बैसाखी का प्रभाव खत्म होने के बाद जिन स्थानों पर पेड़ या बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए थे, वहां पर संबंधित विभागाें की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिया गया है. इसमें स्थानीय लोगों की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है.
उमस और चिपचिपी गर्मी से हुई दिन की शुरुआत, कड़ी धूप ने झुलसाया
सोमवार की सुबह मौसम का मिजाज अन्य दिनों की भांति ही था. सुबह के आठ बजे से ही उमस व चिपचिपी गर्मी का अहसास हो रहा था. दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप की तपिश भी तेज होती गयी. दोपहर के बाद घर से निकलने के बाद धूप इतनी तेज थी कि समूचा शरीर ही झुलसने लगा था. अपराह्न करीब 3.30 बजे तक मौसम का ऐसा ही रौद्र रूप रहा तथा झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा था.
काले बादलों ने अचानक घेर लिया आसमान, चली तेज आंधी
शाम के चार बजे के बाद मौसम ने मिजाज बदला. जिसके बाद देखते ही देखते काले बादलों ने पूरे आसमान को घेर लिया. इसके कुछ देर बाद तेज आंधी चलने के साथ बारिश भी होने लगी. हवा का प्रेशर तेज इतना ज्यादा था कि शहर के अलग-अलग स्थानों पर विशाल पेड़ से लेकर बिजली के खंभे भी धराशायी होने लगे. इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ों के नीचे दबने से वाहनों को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा दो घरों की चारदीवारी भी टूट गयी. इस आंधी तूफान में उदितनगर टीना कॉलोनी में 100 साल पुराना पीपल का पेड़ भरभराकर गिर पड़ा. इस पेड़ के गिरने से इस कॉलोनी में दो घरों को नुकसान पहुंचने के साथ दो बिजली का खंभा टूट गये तथा एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गयी. वहीं हनुमान वाटिका चौक के पास एक पेड़ टूटकर गिर जाने से वहां पर 15 से 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा. बिरसा डाहर नीड्स चौक पर लोहे का बना एक तोरण द्वार गिर पडा. इसके नीचे एक बाइक दबकर क्षतिग्रस्त हो गयी. इस भारी तोरण द्वार को हटाने में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता अरविंद शर्मा, दीपू प्रसाद व अन्य ने सहयोग किया. राउरकेला महानगर निगम (आरएमसी) कार्यालय के पास तथा गेट के पास भी दाे पेड़ टूटकर गिर पड़े थे. इस तेज हवा की वजह से रिंगरोड के डीएवी चौक पर रिंगरोड के किनारे स्थित एक पेड़ भी उखड़कर गिर पड़ा था. यहां पर सिग्नल पर इंतजार करनेवाले वाहन चालको कें लिए बने शेड भी टूट गया.
43.9 डिग्री दर्ज हुआ अधिकतम तापमान, परेशान रहे लोग
राउरकेला समेत पूरे पश्चिम ओडिशा में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. आसमान से आग बरस रही है. कड़ी धूप में शरीर झुलस रहा है और सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है. पिछले 10 दिनों से राउरकेला में हालात असहनीय बने हुए हैं. रविवार को राउरकेला में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 44 के पास यानि 43.9 डिग्री पर पहुंच गया. लेकिन उमस और लू के कारण यह 50 डिग्री जैसा महसूस हो रहा था. गर्मी का प्रकोप इतना है कि सुबह 9:00 बजे के बाद सूरज की तपिश बर्दाश्त से बाहर हो रही है. बाजार और दुकानें समय से पहले बंद हो रही हैं. जरूरी काम से निकलने वाले लोग सिर पर गीला कपड़ा और काला चश्मा लगाकर निकल रहे हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं. सुंदरगढ जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है. विभाग ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जब लू का सबसे ज्यादा असर होता है, घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.