Rourkela News: जमुनानाकी-प्रधानपाली पुल दिसंबर तक हो सकता है चालू, राउरकेला से कुआरमुंडा की दूरी 15-18 किमी हो जायेगी कम

Rourkela News: जमुनानाकी-प्रधानपाली पुल के बाकी चार पिलरों का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है. जिससे इसके दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है.

Rourkela News: कोयल नदी पर निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित जमुनानाकी-प्रधानपाली पुल इस साल दिसंबर तक यातायात के लिए खोल दिये जाने की संभावना है. यह पुल बनने से राउरकेला और कुआरमुंडा के बीच की दूरी 15 से 18 किमी तक कम हो जायेगी और यात्रा के समय में आधे घंटे से 45 मिनट तक की बचत होगी.

अप्रोच रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी

जानकारी के अनुसार, इस पुल के लिए कुल 14 पिलर बनने हैं, जिनमें से 10 का काम पूरा हो चुका है. नदी में बड़े-बड़े पत्थरों और तकनीकी खराबी के कारण चार पिलर का काम रुक गया था. पत्थरों को काटकर हटाने के बाद अब शेष पिलर का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. अप्रोच रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है. स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए राज्य सरकार की मंजूरी और सर्वे के बाद जिला खनिज कोष (डीएमएफ) से 28 करोड़ रुपये की लागत से अप्रैल 2022 में पुल का काम शुरू हुआ था. लोक निर्माण विभाग की देखरेख में चल रही इस परियोजना को 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण करीब डेढ़ साल की देरी हुई. अब निविदा एजेंसी को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं.

दिहाड़ी मजदूरों, शिक्षकों व छात्रों को मिलेगी राहत

यह पुल राउरकेला के पानपोष क्षेत्र को कुआरमुंडा से सीधे जोड़ेगा. इससे छेंड, पानपोष और सेक्टर क्षेत्र के हजारों छात्र, दिहाड़ी मजदूर, श्रमिक और किसान आसानी से आवागमन कर सकेंगे. इसमें भीषण गर्मी में सुबह 4:00 बजे से बस का इंतजार करने वाले शिक्षकों और छात्रों को खास राहत मिलेगी. व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी. लोक निर्माण विभाग की अधीक्षण अभियंता यशस्विनी मिश्रा ने बताया कि पुल का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है और दिसंबर तक काम पूरा हो जायेगा. अप्रोच रोड के लिए जमीन अधिग्रहण जारी है. यह पुल पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल रोड से जुड़ सकता है. साथ ही बिरमित्रपुर-बरसुआं रेलवे लाइन को इसमें शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >