Sambalpur News: संबलपुर में अपार संभावनाएं, इसका विकास हम सभी की जिम्मेदारी : धर्मेंद्र प्रधान

Sambalpur News: संबलपुर में 194 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया.

Sambalpur News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रेढ़ाखोल विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए लगभग 194 करोड़ रुपये की 48 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का रविवार को लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि संबलपुर क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा है. इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है. इसी संकल्प के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं कृषि क्षेत्र से जुड़ी ये परियोजनाएं आगामी दिनों में स्थानीय लोगों के सामाजिक और आर्थिक जीवन में व्यापक परिवर्तन लायेंगी.

स्वतंत्रता सेनानी मधु गड़तिया के बलिदान को किया याद

नाकटीदेउल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि संबलपुर वीरता और संघर्ष की भूमि रही है. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी मधु गड़तिया के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ साहसपूर्वक संघर्ष किया और देश के स्वाभिमान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उनका पराक्रम और शौर्य सदैव प्रेरणादायी रहेगा. उन्होंने बताया कि मां समलेई के आशीर्वाद से रेढ़ाखोल, नाकटीदेउल और जुजुमुरा ब्लॉक के विकास के लिए लगभग 9.17 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि करीब 184.89 करोड़ रुपये की 31 नयी परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया. इसके अलावा नाकटीदेउल में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी हेल्थ सेंटर भवन एवं बीपीएचयू यूनिट का शिलान्यास किया गया. युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 16.10 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की गयी. साथ ही 47.24 करोड़ रुपये की लागत से रेंढ़ाखोल ब्लॉक के रामपुर-गिरीशचंद्रपुर सड़क के विकास कार्य को तेज किया जायेगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी. रेंढ़ाखोल में सब-डिवीजनल वेटरनरी अस्पताल, चारमाल में वेटरनरी डिस्पेंसरी तथा जुजुमुरा ब्लॉक में चामुंडा-बुर्दा एवं एनएच-6 से मरांगाबहाल सड़क के विकास कार्य को भी गति मिलेगी. सरापाली और जामुझरी में नये मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण की भी योजना है.

किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए सरकार प्रतिबद्ध

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नाकटीदेउल एक कृषि प्रधान क्षेत्र है, इसलिए भारत सरकार ने इसे ‘आकांक्षी ब्लॉक’ के रूप में चयनित किया है. क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन, सब्जी एवं आम की खेती को बढ़ावा देकर किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. रेंढ़ाखोल, नाकटीदेउल और जुजुमुरा सहित पूरे संबलपुर जिले का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है. इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में ओडिशा के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक तथा रेढ़ाखोल विधायक प्रसन्न आचार्य, संबलपुर डीएम सिद्धेश्वर बोलीराम बोंडर, एसपी मुकेश भामु सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >