Sambalpur News: बामड़ा में फायर ऑफिस के सामने मैदान में आयोजित पांच दिवसीय फायर क्लब नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. फाइनल मुकाबले में ब्रजराजनगर की लमटीबहाल टीम ने पिंडापथर को हराकर खिताब अपने नाम किया. इस टूर्नामेंट में संबलपुर, सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा जिला से कुल 16 टीमों ने भाग लिया. पहले सेमीफाइनल में पिंडापथर टीम ने बामड़ा मार्को इलेवन को 35 रनों के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ब्रजराजनगर लमटीबहाल टीम ने खतकुरबाहाल को 30 रनों के अंतर से पराजित किया था.
फाइनल में लमटीबहाल टीम को सात रन से हराया
फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा. लमटीबहाल टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 86 रन बनाये. जवाब में पिंडापथर टीम 10 ओवर में 79 रन ही बटोर सकी और सात रन से हार का सामना करना पड़ा. समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अग्निशमन अधिकारी विजय राउत ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया. सम्मानित अतिथियों में वरिष्ठ खिलाड़ी बसंत दास, विजय नायक, दिनेश चौधरी, राजेंद्र आचार्य, शेख इसाक तथा मीडियाकर्मी राजा खान उपस्थित रहे. लमटीबहाल टीम के देवाशीष को मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला. संजीव को श्रेष्ठ बल्लेबाज और बुबुन को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. टूर्नामेंट के सफल संचालन में सुधांशु सिंह, बुलू महापात्र, श्रवण नायक, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद कैफ, सुषांत भैंसाल, मोहम्मद आदिल, गणेश मिश्रा, भाविक अग्रवाल, मोहम्मद सैफ, मोहम्मद सलुस मोहम्मद अख्तर सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.
