Jharsuguda News: विकास कार्यों को समय पर पूरा करने का दिया निर्देश

Jharsuguda News: जिला योजना कार्यालय की बैठक में विकास परियोजनाओं की राजस्व मंत्री ने समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये.

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा जिला योजना कार्यालय की ओर से जिला मिनरल फंड के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की गयी. बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा ब्रजराजनगर विधायक सुरेश पुजारी ने परियोजना का कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा करने पर जोर दिया. उन्होंने लखनपुर प्रखंड में शत-प्रतिशत सिंचाई व्यवस्था लागू करने तथा लखनपुर, ब्रजराजनगर और बेलपहाड़ क्षेत्र में विकास कार्यों को समय पर पूरा करने की दिशा में कदम उठाने का निर्देश दिया है. उन्होंने ब्रजराजनगर निर्वाचन क्षेत्र को राज्य के अग्रणी निर्वाचन क्षेत्रों में से एक बनाने के लिए सभी से सहयोग मांगा.

पेयजल, सड़क निर्माण व अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा

राजस्व मंत्री ने बरसात से पहले सभी सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करने, गर्मी के मौसम में सभी को पेयजल उपलब्ध कराने, अगले पांच वर्षों में उच्च विद्यालयों को अपग्रेड करने, पर्यटन स्थलों का विकास करने, लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान करने, सिंचाई, मध्यम एवं मेगा लिफ्ट परियोजनाओं के समुचित क्रियान्वयन, ब्रजराजनगर एवं बेलपहाड़ में ऑडिटोरियम, क्लास रूम एवं बस स्टैंड का निर्माण करने, स्वास्थ्य केंद्रों के आधारभूत ढांचे में सुधार करने आदि विषयों पर चर्चा की. उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिये कि इस वर्ष स्ट्रोक के कारण कोई मृत्यु न हो. साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना और अंत्योदय गृह योजना के तहत लाभार्थियों को मकान उपलब्ध कराने, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय उपलब्ध कराने तथा पूर्ण मकान के लिए संबंधित व्यवस्था करने के लिए कदम उठाने का सुझाव दिया.

जिलाधीश ने विकास योजनाओं की प्रगति की दी जानकारी

जिलाधीश अबोली सुनील नरवाणे ने विभिन्न विकास संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी दी. जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी एवं कार्यपालक अधिकारी विश्वरंजन नायक ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जानकारी प्रस्तुत की. इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी मनु अशोक भट्ट, अतिरिक्त जिलाधीश (सामान्य) ब्रजबंधु भोई, सामुदायिक विकास अधिकारी, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार, विभिन्न विभागीय अधिकारी, जिला परिषद सदस्य, सरपंच प्रमुख रूप से उपस्थित थे. अतिरिक्त जिलापाल (राजस्व) किशोर चंद्र स्वांई ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >