Bhubaneswar News: मिशन शक्ति का भगवाकरण करना चाहती है ओडिशा सरकार : बीजद

Bhubaneswar News: ओडिशा विधानसभा में बुधवार को विपक्षी बीजद व कांग्रेस सदस्यों ने हंगामा किया. जिस कारण केवल दो मिनट कार्यवाही चल सकी.

Bhubaneswar News: ओडिशा विधानसभा में विपक्षी बीजू जनता दल व कांग्रेस विधायकों के हंगामा के कारण प्रथमार्ध की बैठक में कोई कामकाज नहीं हो सका. विपक्षी विधायकों के हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन को अपराह्न 4:00 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की. बीजद विधायकों ने मिशन शक्ति का मुद्दा उठाया, तो कांग्रेस विधायकों ने राज्य में महिलाओं के प्रति उत्पीड़न बढ़ने को लेकर हंगामा किया.

बीजद ने मिशन शक्ति, तो कांग्रेस ने महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर निशाना साधा

बीजद नेता रणेंद्र प्रताप स्वाईं ने आरोप लगाया कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार मिशन शक्ति की कार्यकारी समिति का पुनर्गठन करके इसका भगवाकरण करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मिशन शक्ति की कार्यकारी समिति का पुनर्गठन करने और समिति में भाजपा सदस्यों को शामिल करने की कोशिश कर रही है. बीजद सदस्य ध्रुव चरण साहू ने दावा किया कि राज्य सरकार ने मिशन शक्ति की कार्यकारी समिति के पुनर्गठन के लिए सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है. बीजद ने इन समितियों के पुनर्गठन की आवश्यकता को लेकर चिंता जतायी और यह कहा कि मिशन शक्ति के सदस्य मास्टर कैंटीन चौक पर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया. बीजद विधायक अरुण साहू ने कहा कि मिशन शक्ति की महिलाएं गैर-राजनीतिक हैं और केवल सेवा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह उनके साथ सहयोग करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें. वहीं, कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद वाहिनीपति व अन्य विधायकों ने राज्य में महिलाओं के उत्पीड़न का मामला उठाकर नारेबाजी की.

बीजद ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने दिया धरना

बुधवार को निर्धारित सुबह 10:30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने सदन के बीच में आकर हंगामा किया. आंदोलन कर रहे बीजद सदस्यों ने विरोध में तख्तियां दिखायीं, कांग्रेस सदस्य तारा प्रसाद वाहिनपति को विधानसभा अध्यक्ष के आसन पर चढ़ने का प्रयास करते देखा गया. बाद में बीजद सदस्यों ने विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना दिया और मिशन शक्ति संगठन के पुनर्गठन के सरकार के कदम का विरोध किया. मिशन शक्ति एक ऐसा मंच है जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) में शामिल करके उनका सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण करना है. इसे राज्य में आठ मार्च, 2001 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुरू किया था.

विस अध्यक्ष ने शाम चार बजे तक स्थगित की कार्यवाही

विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्षी विधायकों से अपनी अपनी सीट पर जाकर सदन के कामकाज में सहयोग करने की अपील की. लेकिन इसका विपक्षी विधायकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा. इस कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को शाम चार बजे तक स्थगित करने की घोषणा की. सदन की कार्यवाही केवल दो मिनट ही चल सकी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >