Bhubaneswar News: ओडिशा में ओएसआरटीसी की सभी बसें होंगी इलेक्ट्रिक : परिवहन मंत्री

Bhubaneswar News: परिवहन मंत्री बीबी जेना ने ओडिशा राज्य परिहन निगम की सभी बसों को इलेक्ट्रिक किये जाने की घोषणा की है.

Bhubaneswar News: ओडिशा सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और किफायती सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है. राज्य के परिवहन मंत्री विभुति भूषण जेना ने गुरुवार को कहा कि ओडिशा राज्य परिवहन निगम (ओएसआरटीसी) की सभी बसों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदला जायेगा. यह घोषणा ऐसे समय में की गयी है, जब राज्य में ईंधन संकट की अफवाहों के कारण भुवनेश्वर के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गयी.

लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की पर्यावरण संरक्षण और ईंधन खर्च कम करने की सोच के अनुरूप राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है. विभूति भूषण जेना ने कहा कि वह स्वयं आज से इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग शुरू करेंगे और केवल एक सरकारी वाहन तक ही सीमित रहेंगे. उन्होंने कहा कि सादगी की शुरुआत खुद से होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा अपने आधिकारिक काफिले का आकार आधा किये जाने के बाद अन्य मंत्री भी इसी दिशा में कदम उठायेंगे. परिवहन मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अपनाने से न केवल पर्यावरण संतुलन बनाये रखने में मदद मिलेगी, बल्कि लंबे समय में परिवहन खर्च में भी बड़ी बचत होगी. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक बसों और ट्रेनों जैसे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की.

इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं को सरकार देगी सहायता और प्रोत्साहन

जेना ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार विभिन्न कंपनियों के साथ मिलकर पूरे ओडिशा में पर्याप्त ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर काम कर रही है. प्रस्तावित 100 चार्जिंग स्टेशनों में से 30 पर काम पूरा हो चुका है, जिनमें 15 स्टेशन केवल भुवनेश्वर में स्थापित किये गये हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने वाले निर्माताओं को सरकार की ओर से आवश्यक सहायता और प्रोत्साहन दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >