Rourkela News: आंधी-बारिश में बंडामुंडा में ज्वाइंट लाइन पर गिरा पेड़, ट्रेनों की आवाजाही रही बाधित

Rourkela News: काल बैसाखी के प्रभाव में आये आंधी-बारिश ने स्मार्ट सिटी राउरकेला समेत आस-पास के इलाकों में जमकर तबाही मचायी.

Rourkela News: शहर में शुक्रवार को सुबह से लेकर दोपहर तक का मौसम गर्म रहा. लेकिन शाम तीन बजे के बाद मौसम ने करवट ली. जिसके बाद काल बैसाखी के प्रभाव में शाम के साढ़े चार बजे से करीब 45 मिनट तक झमाझम बारिश के साथ तेज आंधी चली. इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गये और डालियां टूटकर गिर पड़ीं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

दिनभर धूप ने किया परेशान, शाम में आंधी-पानी से तबाही

शुक्रवार की सुबह से ही तेज धूप का अहसास हो रहा था. धूप कड़ी हाेने के कारण घर से निकलना मुहाल हो गया था. घर से निकलते ही तेज धूप से चेहरा जलने का अहसास हो रहा था. लेकिन शाम के तीन बजने के बाद अचानक आसमान में बादल घुमड़ आये. इसके बाद शाम के करीब 4.30 बजे से 45 मिनट तक तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई. इस बारिश व आंधी तूफान से उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली है. लेकिन इस बारिश में सेक्टर-19 स्थित निर्मल मुंडा इस्पात हाट में कई पेड़ों की डालियां टूटकर गिर जाने की सूचना है. वहीं रेल नगरी बंडामुंडा में ज्वाइंट रेल लाइन-1, 2 व तीन पर एक सीमल का पेड़ टूटकर पड़ा था. जिससे इन तीनों लाइन पर ट्रेन की आवाजाही बंद रही. इसमें एक नंबर लाइन पर केवल मालगाड़ी व दो व तीन नंबर लाइन पर मालगाड़ी के साथ यात्री ट्रेन भी चलती हैं. इसकी सूचना मिलने पर बंडामुंडा एआरएम व राउरकेला एडीइएन वहां पहुंचे तथा शाम के 5.05 बजे तक लाइन नंबर दो व तीन को चालू कर दिया गया है. एक नंबर लाइन पर पेड़ गिरने से इंसुलेटर टूट गया है. समाचार लिखे जाने तक उसे दुरुस्त करने का काम चालू था.

बिसरा में फार्म की छत उड़ी, सुअर की मौत, सैकड़ों मुर्गियां लापता

बिसरा प्रखंड में शुक्रवार शाम काल बैसाखी के प्रभाव में अचानक आये तूफान ने भारी तबाही मचायी. तेज आंधी और बारिश के कारण पुराना बिसरा गांव में कई स्थानों पर पेड़ गिर गये. वहीं कुछ लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा. तूफान के कारण पशु और मुर्गी फार्म संचालकों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है. जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सबीना पूर्ति के सुअर फार्म की छत तेज आंधी में उखड़ गयी. इस दौरान फार्म में मौजूद एक सुअर की मौत हो गयी. अचानक हुई इस घटना से फार्म मालिक को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा. वहीं सिरिल पूर्ति के मुर्गी फार्म पर भी काल बैसाखी का जबरदस्त असर देखने को मिला. तेज हवा के कारण मुर्गी फार्म की करीब एक दर्जन छत उखड़कर टूट गयीं और चारों ओर बिखर गयीं. फार्म क्षतिग्रस्त होने के कारण सैकड़ों मुर्गियां बाहर निकल गयीं, जिनमें कई अब तक लापता बतायी जा रही हैं. तूफान के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को सहायता देने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >