Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री माझी ने 41 लाख किसानों में 838 करोड़ रुपये वितरित किये
Bhubaneswar News: अक्षय तृतीया और किसान दिवस पर सीआरआरआइ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों को सहायता राशि दी.
Bhubaneswar News: अक्षय तृतीया और राज्य स्तरीय किसान दिवस समारोह सोमवार को कटक स्थित केंद्रीय धान अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआइ) में आयोजित हुआ. इस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के 41 लाख 68 हजार किसानों में मुख्यमंत्री किसान योजना की चौथी किस्त के रूप में 838 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि वितरित की.
किसानों को बीज और खाद खरीदने में मिलेगी मदद
माझी ने कहा कि सीएम-किसान योजना के प्रत्येक लाभार्थी (जिनमें ज्यादातर छोटे और सीमांत किसान शामिल हैं) के बैंक खाते में आगामी खरीफ फसल सत्र के लिए वित्तीय मदद के रूप में दो हजार रुपये अंतरित किये गये हैं. वित्तीय मदद हासिल करने वाले 41,68,582 किसानों में से 41,049 भूमिहीन और 3,292 आदिवासी हैं, जबकि बाकी 41,24,241 लाभार्थी लघु एवं सीमांत किसान हैं. माझी ने कहा कि सीएम-किसान योजना के तहत दी गयी वित्तीय सहायता से छोटे और सीमांत किसानों को बीज एवं उर्वरक खरीदने में मदद मिलेगी. सीएम-किसान योजना के तहत पूरे ओडिशा के पात्र किसानों को हर साल अक्षय तृतीया और नुआखाई के अवसर पर दो किस्तों में कुल 4,000 रुपये प्रदान किये जाते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के किसानों को प्रति वर्ष 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता हासिल होती है, जिसमें से 4,000 रुपये मुख्यमंत्री किसान योजना, जबकि 6,000 रुपये प्रधानमंत्री-किसान योजना के तहत मिलते हैं.
‘आमो बीज रथ’ और ‘कृषि रथ’ का शुभारंभ
अक्षय तृतीया के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री व कृषि एवं किसान सशक्तीकरण मंत्री केवी सिंह देव ने धान की बुवाई की शुरुआत के प्रतीक के रूप में ‘अखी मुट्ठी अनुकुन’ (धान के बीज का छिड़काव) अनुष्ठान किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘आमो बीज रथ’ और ‘कृषि रथ’ का शुभारंभ किया. इस पहल के तहत किसानों को गांव-गांव में उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराये जायेंगे. पहले चरण में यह योजना 10 जिलों के 31 ब्लॉकों में लागू होगी, जहां पांच किलोग्राम पैक में नये धान बीज पंचायत स्तर तक पहुंचाये जायेंगे.
कृषि विकास दर 5.3 प्रतिशत तक पहुंची
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समृद्धि का मूल आधार कृषि है और अक्षय तृतीया के दिन ‘अक्षी मुठी अनुकूल’ की परंपरा राज्य की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि राज्य में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. पिछले 22 महीनों में कृषि विकास दर 5.3 प्रतिशत तक पहुंच गयी है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है. चालू वर्ष में 150 लाख मीट्रिक टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन कर राज्य ने नया रिकॉर्ड बनाया है. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार द्वारा धान की खरीद 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है. वर्ष 2025-26 के खरीफ सीजन में 18.55 लाख किसानों से 76.47 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गयी, जिसके लिए 5,589 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गयी. इसके अलावा, कृषि विद्यानिधि छात्रवृत्ति योजना के तहत किसान परिवारों के बच्चों को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के लिए सहायता दी जा रही है. शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में 68,910 छात्रों को 291 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गयी है.
किसान राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रगति की रीढ़ : केवी सिंहदेव
उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रगति की रीढ़ किसान हैं. किसानों की मेहनत से ही धरती समृद्ध बनती है. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और कृषि कार्य को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है. उपमुख्यमंत्री ने किसानों को उर्वरक खरीद के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसान अधिकृत विक्रेताओं से आधार और ओटीपी के माध्यम से अपनी जमीन और फसल के अनुसार आवश्यक मात्रा में ही उर्वरक खरीदें. साथ ही, पीओएस मशीन से निकलने वाली रसीद अवश्य लें, जिसमें खरीदे गये उर्वरक की मात्रा और कीमत का स्पष्ट विवरण होता है. उन्होंने संतुलित उर्वरक उपयोग पर जोर देते हुए मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने की अपील की और किसानों से इस पारदर्शी अभियान में भाग लेकर समृद्ध ओडिशा के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया. कार्यक्रम में सांसद भर्तृहरि महताब, विभु प्रसाद तराई, विधायक छवि मलिक, सौविक बिस्वाल, देवी रंजन त्रिपाठी, प्रकाश चंद्र सेठी, सोफिया फिरदौस और शारदा प्रसाद प्रधान सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
पूर्व विधायक प्रभात बिस्वाल ने मुख्यमंत्री का किया सम्मान, बढ़ी सियासी हलचल
कटक में सोमवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के दौरे के दौरान एक घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है. कटक-चौद्वार के पूर्व विधायक तथा बीजद से निलंबित नेता प्रभात बिस्वाल ने ओएमपी स्क्वायर पर मुख्यमंत्री का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया, जिससे नयी सियासी अटकलें शुरू हो गयी हैं. मुख्यमंत्री के शहर दौरे के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभात बिस्वाल ने उनका अभिनंदन किया. इस मुलाकात का एक प्रमुख पहलू प्रफुल्ल बिस्वाल की वेशभूषा में बदलाव भी रहा. सोमवार को वे सफेद पोशाक में नजर आये, जिसने राजनीतिक पर्यवेक्षकों का ध्यान आकर्षित किया. इस घटनाक्रम के बाद कटक में यह अटकलें भी लगायी जा रही हैं कि प्रफुल्ल बिस्वाल सक्रिय राजनीति में वापसी कर सकते हैं.