मुंबई के चेंबूर में करीब 20 बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया है. मामला सामने आने के बाद आरसीएफ पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
चेंबूर के पंजरापोल इलाके में बिल्लियों के शव मिलने का मामला सामने आया है. स्थानीय पशु देखभालकर्ता रुबीना पठान ने अगस्त में कुछ बिल्लियों के शव देखे थे. इसके बाद 4 सितंबर को छह और बिल्लियां मृत मिलीं. उनके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे.
5 सितंबर को भी एक मृत बिल्ली मिली. इसी दौरान एक बिल्ली का बच्चा भी बेहद खराब हालत में मिला. लगातार बिल्लियों की मौत से इलाके के लोगों और पशु प्रेमियों में चिंता बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें: Pune Metro: गणेशोत्सव में रात 2 बजे तक चलेगी मेट्रो, 25 सितंबर को 41 घंटे लगातार सेवा, जानें पूरा शेड्यूल
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, सीसीटीवी की जांच
रुबीना पठान ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद 9 सितंबर को आरसीएफ थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है. इसका मकसद बिल्लियों की मौत के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति या लोगों की पहचान करना है. फिलहाल पुलिस ने किसी आरोपी का नाम नहीं बताया है.
ये भी पढ़ें: 40 साल पीछे ले जा रहा है AI? 1980 में कैसे दिखते Gen-Z, वायरल ट्रेंड पूरी पीढ़ी को nostalgia में पहुंचा दिया
आरोपी की जानकारी देने पर 50 हजार रुपये का इनाम
पशु अधिकार संगठन PETA India भी मामले की जांच में मदद कर रहा है. संगठन ने आरोपी की गिरफ्तारी और दोष साबित होने में मदद करने वाली जानकारी के लिए 50 हजार रुपये तक के इनाम की घोषणा की है.
PETA India के मुताबिक, बिल्लियों के शव मिलने के बाद उसने स्थानीय पशु देखभालकर्ता और पुलिस के साथ मिलकर एफआईआर दर्ज कराने में मदद की. संगठन ने कहा है कि आरोपी की पहचान अभी सामने नहीं आई है.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिल्लियों की मौत कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह और आरोपी के बारे में स्थिति साफ होगी.
