प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले बीएलओ व सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण

चक्रधरपुर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ और सुपरवाइजरों को दावा-आपत्ति और सत्यापन प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

चक्रधरपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद होने वाली दावा, आपत्ति एवं नोटिस सत्यापन की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर शामिल हुए.

प्रशिक्षण का संचालन अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी, चक्रधरपुर सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. अधिकारियों ने उपस्थित बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने, नोटिस निर्गत करने, सत्यापन करने तथा संबंधित प्रपत्रों का सही तरीके से संधारण करने की विस्तृत जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी बीएलओ को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं. प्रशिक्षण में समयबद्ध निष्पादन, रिकॉर्ड संधारण, फील्ड सत्यापन, नोटिस की तामिली और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया.

बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि 05 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसी दिन से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने तथा नोटिसों के सत्यापन की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी. नागरिक निर्धारित अवधि के भीतर अपने नाम के सम्मिलन, विलोपन, संशोधन, स्थानांतरण अथवा अन्य आवश्यक सुधार के लिए संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे.

निर्वाचन पदाधिकारियों ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से अपील की कि वे क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता फैलाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या त्रुटि सुधार कराने से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य शत-प्रतिशत शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर कार्यरत बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.

प्रशिक्षण कार्यक्रम में दावा-आपत्ति से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों के व्यावहारिक उपयोग, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन तथा विशेष परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने उपस्थित कर्मियों की शंकाओं का समाधान करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष और विधिसम्मत निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा.

कार्यक्रम में सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शीन अनवर

शीन अनवर वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा बी एड किया है. राजनीति, धर्म, शिक्षा के क्षेत्र में इन्होंने लंबा काम किया है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >