Naxal News: डीजीपी अनुराग गुप्ता का दावा, तीन महीने में झारखंड से नक्सलियों का होगा सफाया

Naxal News: डीजीपी अनुराग गुप्ता ने चाईबासा में कहा कि तीन महीने में झारखंड से नक्सलियों का सफाया कर दिया जाएगा. 95 प्रतिशत नक्सल समस्या समाप्त हो चुकी है. शेष के लिए रणनीति बनाकर कार्य किया जाएगा.

Naxal News: चाईबासा-झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता और सीआरपीएफ डीजी अनीश दयाल सिंह ने शनिवार को चाईबाासा समाहरणालय सभागार में राज्य के विभिन्न जिलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान की समीक्षा की. करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक के बाद डीपीजी ने कहा कि झारखंड में 95 प्रतिशत नक्सल समस्या समाप्त हो गयी है. बाकी पांच प्रतिशत को तीन महीने में समाप्त कर दिया जाएगा.

नक्सल समस्या के खात्मे की बनी रणनीति


झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने चाईबासा में बताया कि सीआरपीएफ डीजी के मार्गदर्शन में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और इंटेलिजेंस एजेंसी ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि अगले तीन महीने में चाईबासा समेत झारखंड से नक्सल समस्या को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा. उन्होंने पिछले दिनों गुदड़ी प्रखंड में हुई घटना पर कहा कि आज की बैठक में यह मुद्दा नहीं था. यह लोकल मुद्दा है. बैठक में पूरे राज्य की नक्सल समस्या का विश्लेषण किया गया.

डीजीपी ने नक्सल प्रभावित पोस्ट का भी किया निरीक्षण


बैठक में सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह, आईजी अभियान एवी होमकर, आईजी, डीआईजी स्पेशल ब्रांच, आईबी और सीआरपीएफ के ऑफिसर एवं बोकारो, गिरिडीह, सरायकेला और खूंटी के एसपी शामिल हुए. इस बैठक के बाद पदाधिकारियों और जवानों का हौसला बुलंद दिखा. चाईबासा आने से पहले डीजीपी अनुराग गुप्ता ने नक्सल प्रभावित टोंटो और रेंगड़ा के सीआरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण किया.

Also Read: Opium Cultivation: ‘अफीम की खेती किसी भी हाल में नहीं हो’ झारखंड की गृह सचिव वंदना डाडेल और DGP अनुराग गुप्ता का सख्त निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >