फोटो है उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुइगांव में शिक्षकों की कमी पर अभिभावकों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी प्रतिनिधि, चक्रधरपुर चक्रधरपुर प्रखंड के गुलकेड़ा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुइगांव में गुरुवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) अध्यक्ष सुखलाल जरिका की अध्यक्षता में अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विद्यालय में शिक्षकों की कमी से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई. बैठक में बताया गया कि विद्यालय में कुल चार शिक्षक- शिक्षिकाओं के पद स्थापित हैं, लेकिन इनमें से दो शिक्षिकाओं को अन्य विद्यालयों में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है. इसके कारण वर्तमान में केवल दो शिक्षक ही विद्यालय का संचालन कर रहे हैं. विद्यालय में 178 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनकी पढ़ाई-लिखाई शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही है. बैठक में मौजूद पंचायत की मुखिया श्रीमती लक्ष्मी केराई ने कहा कि इस समस्या को लेकर एक जुलाई को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता और जल्द से जल्द विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जानी चाहिए. अभिभावकों ने कहा कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी की समस्या बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर प्रभावित हो रहा है. उन्होंने विभाग से अविलंब प्रतिनियुक्त शिक्षिकाओं को वापस विद्यालय में पदस्थापित करने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की. बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी संबंधी समस्या से जिला उपायुक्त एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा. अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपने बच्चों के साथ विद्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे. बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे.
उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुइगांव में शिक्षकों की कमी पर अभिभावकों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी
उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुइगांव में शिक्षकों की कमी पर अभिभावकों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी

उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुइगांव में शिक्षकों की कमी पर अभिभावकों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी | Prabhat Khabar Network