चक्रधरपुर: निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया. विधानसभा क्षेत्र के सभी 250 मतदान केंद्रों पर सूची उपलब्ध कराई गई और आम नागरिकों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित की गई.
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र में 236 मतदान केंद्र थे. पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिन मतदान केंद्रों में मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक पाई गई, वहां मतदाताओं को विभाजित कर 14 नए मतदान केंद्रों का गठन किया गया है. इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 250 हो गई है. कई पुराने मतदान केंद्रों की क्रम संख्या एवं क्षेत्रीय संरचना में भी परिवर्तन किया गया है, जिससे मतदाताओं को अपने नए मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करना आवश्यक हो गया है.
निर्वाचन विभाग के अनुसार 05 अगस्त से 04 सितंबर, 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि निर्धारित की गई है. इस दौरान ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे आवेदन देकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं. साथ ही नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर संशोधन की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी.
मतदाताओं की सुविधा के लिए 08 एवं 09 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त, 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष दावा-आपत्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में बूथ स्तर अधिकारी उपस्थित रहेंगे और प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 से संबंधित आवेदन स्वीकार करेंगे.
बुधवार को प्रारूप प्रकाशन के अवसर पर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक सभी स्तरों पर “हैशटैग कार्यक्रम” भी चलाया गया. इसका उद्देश्य नए मतदाताओं, विशेषकर युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना था. विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं.
अधिकारियों ने बताया कि 15 अगस्त, 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी. इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा तथा ऐसे सभी युवक-युवतियों को, जो 01 अक्टूबर, 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे, प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
यदि किसी मतदाता के नाम, पते, लिंग, आयु, फोटो या अन्य विवरण में त्रुटि पाई जाती है, तो प्रपत्र-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकेगा. अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सूची का सावधानीपूर्वक मिलान करें और किसी भी त्रुटि को समय रहते ठीक कराएं.
इसके अलावा 25 अगस्त से 04 सितंबर, 2026 तक “होम टू रोल वेरिफिकेशन” अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे. अभियान के प्रमुख उद्देश्य होंगे:
- प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना.
- गलत मतदान केंद्रों पर दर्ज नामों का सही केंद्र में स्थानांतरण कराना.
- अन्य राज्यों में दर्ज परिवार के पात्र सदस्यों का आवश्यक प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराना.
- प्रत्येक घर पर “एक परिवार – एक साथ” स्टीकर चस्पा करना.
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर प्रारूप सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें. समय पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने से ही अंतिम मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाया जा सकेगा. प्रशासन ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा हाल ही में स्थानांतरित हुए नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है.
