प्रतिनिधि, चक्रधरपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शहरी क्षेत्र स्थित दो मतदान केंद्रों ने मतदाता गणना प्रपत्र के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर एक नई मिसाल कायम की है. निर्धारित समय-सीमा के भीतर दोनों मतदान केंद्रों पर फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण होने पर निर्वाचन प्रशासन ने संबंधित बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलेंटियर को सम्मानित किया.
मतदान केंद्र संख्या-195, राजकीयकृत राजा नरपति सिंह बालिका उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर (कमरा संख्या-1) तथा मतदान केंद्र संख्या-196, राजकीयकृत राजा नरपति सिंह बालिका उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर (कमरा संख्या-3) में मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण एवं उनका डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया. यह उपलब्धि निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मियों की सतत मेहनत, समन्वय और प्रतिबद्धता का परिणाम है.
मतदान केंद्र संख्या-195 में बीएलओ अनिता देवी एवं वॉलंटियर भावना महतो ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने तथा समय पर उनका डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं मतदान केंद्र संख्या-196 में बीएलओ बिजय लक्ष्मी एवं वॉलंटियर प्रभावती महतो ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय से पहले पूरा किया.
दोनों मतदान केंद्रों के बीएलओ सुपरवाइजर जावेद अहमद ने संपूर्ण कार्य की प्रभावी निगरानी, समन्वय एवं मार्गदर्शन करते हुए टीम को निरंतर प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों केंद्रों पर ईएफ वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत सफलता के साथ संपन्न हो सका. इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपलक्ष्य में अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी चक्रधरपुर सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चक्रधरपुर सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, चक्रधरपुर सह अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं स्वयंसेवकों को मोमेंटो एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया.
सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य में समयबद्धता, पारदर्शिता और टीमवर्क अत्यंत आवश्यक है. सभी सम्मानित बीएलओ, सुपरवाइजर एवं स्वयंसेवकों ने जिस समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया है, वह अन्य मतदान केंद्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है. अधिकारियों ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी निष्ठा, तत्परता और टीम भावना के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही अन्य बीएलओ से भी अपील की गई कि वे इन दोनों मतदान केंद्रों की कार्यशैली से प्रेरणा लेकर मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करने में सक्रिय योगदान दें.
निर्वाचन प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता, बीएलओ की सक्रिय भूमिका तथा स्वयंसेवकों के सहयोग से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकता है, जिससे मतदाता सूची और अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सकेगी.
