नोवामुंडी : बड़ाजामदा में शुक्रवार की शाम चार बजे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से आक्रोशित दर्जनों लोगों ने शनिवार को नोवामुंडी विद्युत ग्रिड (डीवीसी ) में जमकर उत्पात मचाया. गुस्साये लोगों ने बिजली मिस्त्री को भी खूब खरी-खोटी सुनाई. इस दौरान बिजली मिस्त्रियों को गुस्साये लोगों से धक्का-मुक्की का भी शिकार होना पड़ा. बड़ाजामदा मे विद्युत आपूर्ति बहाल होने तक ग्रिड से सप्लाई को रोक दिया. लोगों का कहना था कि एसडीओ नोवामुंडी बाहर रहते हैं और सप्ताह मे मात्र एक बार कार्यालय मे हाजिरी बनाकर लौट जाते हैं.
गुवा, किरीबुरू मे बिजली रहती है, लेकिन यहां नहीं. ग्रामीणों का कहना था कि शाम चार बजे से बिजली गुल है और विभाग से शिकायत किये जाने के बावजूद व्यवस्था मे सुधार नही हुआ. उनका आरोप था कि इतने बड़े अनुमंडल में मात्र 1 मिस्त्री से ही काम लिया जा रहा है. इस प्रदर्शन से डीबीसी के सभी कर्मचारी काफी डरे सहमे और भयभीत हैं.
