गुप्त सूचना पर पुलिस ने माधुरी गार्मेंट में की छापेमारी
मौके से 2.40 लाख नकद, सात मोबाइल, सात बाइक व डायरी जब्त
पुलिस को देख कई सट्टेबाज मौके से फरार हो गये
बड़बिल : आइपीएल के फाइनल मैच पर सट्टा लगा रहे बड़बिल के तीन लोगों को रविवार की शाम पुलिस ने गिरफ्तार किया. वहीं कई सट्टेबाज पुलिस को देख फरार हो गये. पुलिस ने मौके से 2.40 लाख नकद, सात मोबाइल, सात बाइक व तीन डायरी जब्त किया है. बड़बिल एसडीपीओ मुकेश भामू, बड़बिल थाना प्रभारी जगन्नाथ मल्लिक और जोड़ा थाना प्रभारी सुमित सोरेन ने रविवार की शाम बड़बिल मार्केट स्थित माधुरी गार्मेंट्स कपड़ा दुकान में छापेमारी कर बड़बिल वार्ड नंबर 4 निवासी निमाई साहू, पोस्ट ऑफिस निकट निवासी सह माधुरी गार्मेंट्स के मालिक महाबीर प्रसाद महेश्वरी और वार्ड नंबर 6 निवासी मोहम्मद रफीक को गिरफ्तार किया.
किस खिलाड़ी पर कितना सट्टा, किसने लगाया
पुलिस के अनुसार जब्त डायरी में मैच के दौरान लगे सट्टे का ब्योरा दर्ज है. इसमें किस ग्राहक ने किस खिलाड़ी व टीम पर कितने रुपये का सट्टा लगाया है, इसका रिकॉर्ड है. इसके आधार पर पुलिस अन्य लोगों को दबोचने में जुटी हुई है. पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से कई आरोपी फरार हो गये. बड़बिल पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों की मदद से अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. तीनों आरोपियों को सोमवार मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया.
