इलाहाबाद बैंक पहुंची सीआइडी फिंगर प्रिंट समेत कई सुराग मिले

चक्रधरपुर : इलाहाबाद बैंक डकैती मामले की अनुसंधान के लिए बुधवार को रांची से सीआइडी की टीम चक्रधरपुर पहुंची. इस दौरान सीआइडी की तीन सदस्यीय टीम ने बैंक का कोना-कोना खंगाला, कर्मचारियों से पूछताछ की. करीब तीन घंटे तक चली जांच में फिंगर प्रिंट समेत कई सुराग इकट्ठा किये गये. सुबह 10 से दोपहर करीब […]

चक्रधरपुर : इलाहाबाद बैंक डकैती मामले की अनुसंधान के लिए बुधवार को रांची से सीआइडी की टीम चक्रधरपुर पहुंची. इस दौरान सीआइडी की तीन सदस्यीय टीम ने बैंक का कोना-कोना खंगाला, कर्मचारियों से पूछताछ की. करीब तीन घंटे तक चली जांच में फिंगर प्रिंट समेत कई सुराग इकट्ठा किये गये. सुबह 10 से दोपहर करीब 12 बजे तक बैंक के कैश काउंटर, स्टांग रूम, मैनेजर चैंबर, बैंक गेट, कैश काउंटर में कैमिकल डाल कर सैंपल इकट्ठा किया गया.

इस दौरान बैंक का कामकाज ठप रहा. सीआइडी टीम ने थाना प्रभारी से भी बातचीत कर कई जानकारियां ली. बुधवार को बैंक में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी थी. एएसपी अमन कुमार व थाना प्रभारी गोपीनाथ तिवारी भी मौके पर मौजूद रहे और सुरागों को इकट्ठा करने में जुटे रहे. दो दिनों तक बैंक का कामकाज ठप रहने से करीब एक करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित रहा. बैंक खुलने के बाद कई ग्राहक पहुंचे, लेकिन सभी को लौटा दिया गया. दिनभर पुलिस व सीआइडी टीम की बैंक अधिकारी व कर्मचारियों से पूछताछ करने और सुराग जुटाने में लगी रही. सीआइडी टीम जब बैंक में अपना काम कर रही थी,

तो उस वक्त बैंक के अंदर किसी को नहीं आने दिया गया. सीआइटी टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू करने के बाद बैंक के अंदर रखे किसी भी वस्तु को छूने तक नहीं दिया. पूरे बैंक में कैमिकल का छिड़काव कर सबूत इकट्ठा किया गया. करीब साढ़े बारह बजे एसपी अनीश गुप्ता बैंक पहुंचे और लूट से संबंधित जानकारी ली. चक्रधरपुर थाना में एसपी श्री गुप्ता ने एएसपी श्री कुमार, थाना प्रभारी श्री तिवारी व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर बैंकलूट के अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की.

अपराधियों की हुई पहचान, जल्द होगा खुलासा
एसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि बैंकलूट के अपराधियों की पहचान हो चुकी है. जल्द ही लूटकांड का खुलासा हो जायेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के बाद से छापामारी में जुट गयी है. लगातार छापामारी की जा रही है. घटना को अंजाम देने वाले अपराधी बहुत जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे. पुलिस कार्रवाई युद्ध स्तर पर कर रही है. लूटकांड के तमाम बिंदुओं पर कार्य चल रहा है.
जांच के दौरान बैंक में किसी को दाखिल नहीं होने दिया गया
बैंक अधिकारियाें व कर्मचारियों से टीम ने की पूछताछ
बैंक का कामकाज रहा ठप
दो दिन बैंक बंदी से करीब एक करोड़ का कारोबार प्रभावित
जमीन पर पड़ा था रुपये भरा बक्सा, डकैतों की नहीं पड़ी नजर, बचे Rs 3.5 लाख
चक्रधरपुर : 16 मई को चक्रधरपुर इलाहाबाद बैंक शाम में हुई डैकती में अपराधी 12.80 लाख ही लूट कर ले गये हैं. हालांकि घटना बाद बैंक के वरीय शाखा प्रबंधक रमन प्रसाद ने पुलिस को करीब 16.32 लाख लूट होने की जानकारी दी थी. मंगलवार देर रात तक अधिकारी कर्मचारी बैंक में मौजूद रह कर रुपयों का मिलान किया. इसमें कैशियर के चैंबर से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मिले हैं. बताया जाता है कि रुपयों से भरा बक्शा जमीन पर रहने के कारण संभवत: अपराधियों को नजर उस पर नहीं पड़ी.
बुधवार की सुबह वरीय शाखा प्रबंधक रमन प्रसाद ने बताया कि बैंक से 12.80 लाख रुपये की ही लूट हुई है. करीब साढ़े तीन लाख रुपये कैशियर के चैंबर से मिले हैं. 16 मई की दोपहर एक बजे से बैंक का कामकाज ठप पड़ा है. 17 मई को सीआइडी की टीम आने के कारण दिन भर बैंक में जमा-निकासी का कोई काम नहीं हुआ. दो दिन में करीब एक करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है. घटना के बाद से बैंक अधिकारी व कर्मचारी सहमे हुए हैं.
गार्ड वीरेंद्र बोयपाई के सिर पर लगे 11 टांके
बैंकडकैती के दौरान अपराधी के पिस्टल की बट से घायल हुए गार्ड वीरेंद्र बोयपाई के सिर पर गंभीर चोट आयी है. सिर पर 11 टांके लगाये गये हैं. घायल गार्ड श्री बोयपाई ने बताया कि सिर में गंभीर चोट आयी है. इसके शरीर में अंदरूनी दर्द है. इलाहाबाद बैंक के सुरक्षा अधिकारी राजीव सिंह ने गार्ड श्री बोयपाई से बैंक लूट घटना की जानकारी ली. गार्ड ने बताया कि लुटेरे उसके बैग में ही लूट के रुपये भर कर ले भागे. बैंक में बंदूक का लाइसेंस समेत अन्य कागजात थे.
बैंक के शाखा प्रबंधक के बयान पर डकैती कांड का मामला दर्ज
इलाहाबाद बैंक डकैतीकांड के बाद वरीय शाखा प्रबंधक रमन प्रसाद ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ चक्रधरपुर थाने में मामला दर्ज कराया है. श्री प्रसाद ने थाना को दिये लिखित आवेदन में 16 मई दोपहर करीब एक बजे चार-पांच अज्ञात डकैतों द्वारा आर्म्स गार्ड वीरेंद्र बोयपाई पर हमला कर बंदूक छीन लिया गया. इसके बाद बैंक से 12,82,119 रुपये आर्म्स गार्ड के बैग में भर कर तथा सीसीटीवी का डीभीआर लेकर दो बाइक (नंबर 8424 और 7111) से भाग गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >