जेएलएन कॉलेज के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण
मिली कई खामियां
निरीक्षण के दौरान प्रतिकुलपति डॉ श्री सिंह व सीसीडीसी डॉ श्री मिश्रा ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से जेएलएन कॉलेज का हो रहा है जीर्णोद्धार, कार्य में लापरहवाही नहीं चलेगी
चक्रधरपुर : जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय में चल रहे करोड़ों रुपये के जीर्णोद्धार कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है. निर्माण कार्य में निम्न स्तरीय ईंट व गिट्टी (चिप्स) का उपयोग किया जा रहा है. इसका खुलासा सोमवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ रंजीत कुमार सिंह व सीसीडीसी डॉ जेपी मिश्र के औचक निरीक्षण के दौरान हुआ. निरीक्षण में पाया कि निर्माण कार्य में निम्न स्तरीय ईंट व गिट्टी (डस्ट बालू चिप्स) का उपयोग किया जा रहा है.
इसे देखकर प्रतिकुलपति श्री सिंह व सीसीडीसी श्री मिश्र भड़क उठे. मौके पर मौजूद मुंशी रजनी प्रधान व प्रशांत सरकार से निम्न स्तर की सामग्री के उपयोग का कारण पूछा. मुंशी प्रशांत सरकार ने बताया कि कुछ ईंट निम्न स्तर के हैं, कुछ अच्छी क्वालिटी के हैं. इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रतिकुलपति डॉ श्री सिंह भड़क उठे और दोनों मुंशी को डांट लगायी. कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोताही बरदाश्त नहीं की जायेगी.
कार्य में क्वालिटी के सामग्री का ही उपयोग करें, ताकि इनके भविष्य पर किसी प्रकार की संशय न रहे. मौके पर उन्होंने प्राचार्य प्रो नागेश्वर प्रधान को भी जीर्णोद्धार कार्य पर निगरानी रखने को कहा. इसके बाद आदिवासी बालिका कॉलेज छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया. यहां भी निम्न स्तर के सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा था. इसके बाद प्रतिकुलपति डॉ श्री सिंह व सीसीडीसी डॉ श्री मिश्र जांच के लिए ईंट व गिट्टी का नमूना साथ में ले गये. मौके पर प्राचार्य प्रो नागेश्वर प्रधान, डॉ अरूण कुमार, डॉ पी सिओल, प्रो एके त्रिपाठी आदि मौजूद थे.
