चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेलमंडल के केंदपोसी स्टेशन के पास अप लाइन में एक मालगाड़ी के वैगन की चपेट में आकर ओएचइ खंभा (संख्या 346/11/ए) क्षतिग्रस्त हो गया. इससे करीब 80 मीटर तक ओएचइ तार टूट गया. इस घटना से लगभग आठ घंटे तक चाईबासा-डांगुवापोसी रेल मार्ग पर रेल यातायात ठप रहा. यह घटना सोमवार की सुबह 4.10 बजे की है.
जानकारी के अनुसार, एन-बॉक्स मालगाड़ी झींकपानी एसएससी से माल अनलोड कर डांगुवापोसी लौट रही थी. इसी क्रम में केंदपोसी में मालगाड़ी का खुला दरवाजा ओएचइ पोल से टकरा गया. इससे खंभा झुक गया. इस कारण लगभग करीब 80 मीटर तार गिर गया. इसकी सूचना मिलते ही चक्रधरपुर, डांगुवापोसी व राजखरसावां से टॉवर वैगन भेजे गये. दोपहर करीब 12 बजे अप लाइन में ओएचइ तार व खंभे को ठीक किया गया. इसके बाद यात्रा ट्रेन व मालगाड़ियों का परिचालन शुरू हो पाया. वहीं डाउन लाइन को दुरुस्त करने का कार्य देर रात तक जारी था. हादसा के कारण डंगुवापोसी स्टेशन में सात मालगाड़ियां रुकी हुई थीं.
