भाई ही निकले कातिल
जगन्नाथपुर : जगन्नाथपुर-नोवामुंडी मार्ग पर इंटर कॉलेज के पास 17 फरवरी को रोज वेली कंपनी के सिक्यूरिटी गार्ड सोमनाथ अंगरिया हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. हत्याकांड में पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बामिया अंगरिया एवं सोनाराम अंगरिया समेत शूटर अजय थापा और उसके साथी मनोज लागुरी को गिरफ्तार कर लिया है. चारों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल लिया है. शूटर अजय थापा गुमला के गटोली का रहने वाला है और उसका साथी मनोज लागुरी कुमारडुंगी प्रखंड के कुसमिता गांव का रहने वाला है.
मनोज चाईबासा में एलआइसी का एजेंट है. मनोज और अजय को पुलिस ने चाईबासा से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल में लायी गयी मोटरसाइकिल जेएच06ए 9212 भी जब्त कर लिया है. उल्लेखनीय है कि 17 फरवरी की शाम ड्यूटी से लौटते समय पीछे से सोमनाथ की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. हत्याकांड का खुलासा थाना प्रभारी रमोद कुमार सिंह, एसआइ विकास कुमार शर्मा, एसआइ रोहित कुमार सिंह एवं इनकी टीम ने किया है.
