मनोज कुमार
चाईबासा : लोकसभा चुनाव को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शनिवार को सभी चुनाव कोषांगों को सक्रिय कर दिया. कोषांगों के सक्रिय होते ही प्रतिनियुक्त सभी नोडल पदाधिकारी शनिवार से ही काम में जुट गये. आयुक्त आलोक गोयल के आदेश पर उपायुक्त अबुबक्कर सिद्दीख पी ने सभी एसडीओ को पत्र जारी कर अशांति फैलाने वाले, इलाके के बदमाश या ऐसे वांछित लोग जो चुनाव के दौरान किसी भी तरह से हिंसा कर सकते हैं उन पर धारा 107 दायर कर शपथपत्र भरवाने का आदेश दिया है.
इस श्रेणी में ऐसे लोगों को भी रखा गया है जिनका आपराधिक रिकार्ड रहा है और वे जमानत पर अभी जेल से बाहर हैं. फरार तथा वारंटी की धरपकड़ तेज करने के भी आदेश दिये गये हैं. सभी थानों को विशेष अभियान चलाकर वारंटी और फरारी को पकड़ने का पत्र एसडीओ अपने स्तर से जारी करेंगे. उपायुक्त ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर किसी अपराधी जिसकी समाज में मौजूदगी से खतरा उत्पन्न होता है तो पुलिस के प्रस्ताव पर सीसीए लगाने तक की अनुशंसा प्रशासन करेगा.
