ग्राम शिक्षा समिति अध्यक्ष ने स्टाइ की राशि बैंक से निकाली थी
चाईबासा : चाईबासा सदर थानांतर्गत गांधी टोला मार्ग पर पीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता के आवास के पास मंगलवार की दोपहर ढ़ाई बजे बाइक पर सवार दो उच्चके ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष संजय लागुरी से 24 हजार रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गये. इस संबंध में संजय लागुरी थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
गांधी टोला होते हुए टोंटो लौट रहे थे : दर्ज मामले के अनुसार वह टोंटो प्रखंड के हिंदीबुरू गांव के निवासी हैं. स्थानीय प्राथमिक विद्यालय के ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष हैं. मंगलवार को वे बच्चों को स्टाइ फंड की राशि निकालने पीएनबी गये थे. यहां से उन्होंने 24 हजार रुपये निकाले. वहां से मंगलाहाट गये. कुछ खरीदारी के बाद बाइक से गांधी टोला होते हुए टोंटो लौट रहे थे. बैंक से निकाली गयी राशि एक बैग में थी. बैग बाइक के हैंडिल में टंगा था.
इसी दौरान पीछे से बाइक पर दो युवकों आये और झपट्टा मारकर बैग छीन लिया. इसके कारण उनकी बाइक डगमगा गयी. जबतक वे संभलते बाइक सवार दोनों उचक्के फरार हो गये. बैंक के सीसीटीवी में दो संदिग्ध दिखे : मंगलवार की शाम डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम बैंक पहुंची. बैंक के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. पुलिस ने दो संदिग्ध की पहचान की है. इसके आधार पर जांच शुरू कर दी है. डीएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच से लग रहा है कि उचक्कों ने बैंक से संजय का पीछा किया था. उन्होंने बताया कि इसके पूर्व हुए छिनताई के मामलों में जिन संदिग्धों के सीसीटीवी फुटेज सामने आये थे, उनसे वर्तमान के चिह्नित संदिग्ध अलग हैं.
