सीकेपी: ख्रीस्त राजा पर्व पर मसीह समुदाय ने निकाली शोभायात्रा, प्रार्थना सभा में फादर विपिन पाणी ने कहा
चक्रधरपुर : रविवार को पोटका स्थित ख्रीस्त राजा चर्च में मसीह समुदाय के लोगों ने ख्रीस्त राजा पर्व धूमधाम से मनाया. इस अवसर पर मसीह समुदाय के लोगों ने ख्रीस्त राजा चर्च परिसर से ख्रीस्त राजा की शोभायात्रा निकाली. जो मुख्य सड़क होते हुए भारत सेवाश्रम, पांच मोड़, ऑफिसर क्लब, लाल गिरजा होते हुए फिर ख्रीस्त राजा चर्च पहुंची. शोभायात्रा में पल्लीपुरोहित फादर विपिन पानी, फादर चोन्हास खलखो, फादर पास्कल टोप्पो, फादर अल्फ्रेड बालमुचु, फादर सुशील बिलुंग, फादर जॉनी पी देवस्या आदि शामिल हुए. शोभा यात्रा जिस मार्ग से गुजर रही थी उस मार्ग पर पुष्प बरसाये जा रहे थे.
जगह-जगह पर तोरण द्वार भी बनाये गये थे. शोभायात्रा चर्च परिसर पहुंचने के बाद पल्लीपुरोहितों ने पवित्र सभा व आराधना सभा का आयोजन किया. पवित्र बलिदान के मौके मुख्य अनुष्ठादाता फादर विपिन पाणी ने अपने प्रवचन में ख्रीस्तीय मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दूसरों के प्रति हमारा व्यवहार भी ख्रीस्त की तरह उदार एवं प्रेममय हो. मौके पर एंथोनी फरनांडे, सिस्टर माइकल, विमल टोपनो, यूजीन डुंगडुंग, सुषमा बारला, टेरेंस सलवाडोर, नोवास जामुदा समेत काफी संख्या में मसीह समुदाय के महिला-पुरुष व बच्चे शामिल थे.
फादर जॉनी ग्रुप ने की संगीत प्रस्तुत :ख्रीस्त राजा पर्व के अवसर पर फादर जॉनी पी देवस्या ग्रुप द्वारा गीत-संगीत प्रस्तुत किये गये. इसमें चर्च परिसर भक्तिमय गीतों से गूंज उठा. ग्रुप के सदस्यों द्वारा जब से प्यारा यीशु आया, मेरा जीवन बदल गया, तू है स्वामी तू चरवाहा, निगाह मुझपे तेरी सदा, प्यासा हिरण जैसे ढूंढे है जल को ऐसे प्रभु में तुझे खोज रहा हूं, सूना-सूना है ये जीवन यीशु बिना, सूना-सूना है ये जीवन मसीह बिना, हम बोलें प्रभु यीशु नाम, जय यीशु जय नाम, राजा यीशु जय बोलो प्यारे, राजाओं का राजा यीशु प्रभुओं का प्रभु यीशु अल्लेलूया, हम सब मिलकर प्रभु की स्तुति गायेंगे, यीशु है दाता महान, हम सब के पापों को मिटाने यीशु हुआ बलिदान समेत दर्जनों गीत-संगीत प्रस्तुत किये गये.
राजा ख्रीस्त पर्व पर निकाली गयी शोभायात्रा में शामिल मसीह समुदाय के लोग. प्रार्थना सभा को संबोधित करते ख्रीस्त चर्च के फादर.
