मनोहरपुर. दाउतुंबा में घुसा हाथियों का झुंड, उत्पात
मनोहरपुर : मनोहरपुर कोयना वन प्रक्षेत्र अंतर्गत डिंबुली पंचायत अंतर्गत दाउतुंबा गांव में शुक्रवार देर रात करीब आठ हाथियों के झुंड ने खेतों में तैयार धान की फसल को खा गये और रौंद कर बरबाद कर दिया. किसान केशवचंद्र नायक, केदार नायक, भैरव नायक के करीब तीन एकड़ खेतों में लगे धान को चट कर गये. ग्रामीण कर रहे पहरेदारी. किसान योगेश्वर नायक ने बताया कि आठ हाथी के झुंड में दो बच्चे हाथी भी हैं. उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान की खेती काफी अच्छी हुई है, इसे लेकर ग्रामीण दिन-रात पहरेदारी कर रहे हैं. बावजूद हाथियों के कारण किसानों को नुकसान हो रहा है. उन्होंने वन विभाग से पटाखा, केरोसिन, मशाल आदि की व्यवस्था करने की मांग की है.
झुंड में दो बच्चा हाथी भी
शुक्रवार देर रात घुसे दाउतुंबा में खेतों में लगी तैयार फसल को चट कर गये
पीड़ित किसानों को मिलेगा मुआवजा : रेंजर
कोयना वन क्षेत्र पदाधिकारी बुधन राम ने बताया कि हाथियों द्वारा किये गये नुकसान व जान माल की हानि के लिए विभाग की ओर से मुआवजा दिया जायेगा. हाथियों को भगाने के लिए विभाग द्वारा पंचायत जनप्रतिनिधि या मुंडा-मानकी की अनुशंसा पर केरोसिन, पटाखा आदि प्रभावित क्षेत्रों में वितरण किया जा रहा है.
