शिक्षा रथ का चाईबासा, चक्रधरपुर व बंदगांव में हुआ स्वागत
चक्रधरपुर : पुरी (ओड़िशा) से निकल कर दिल्ली जाने वाला शिक्षा रथ का बंदगांव व चक्रधरपुर में भव्य स्वागत हुआ. अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश महासचिव ब्रजबिहारी पांडेय रथ का नेतृत्व कर रहे थे. उनके साथ ओड़िशा शिक्षक संघ के नेता लक्ष्मण बेहरा भी रथ पर सवार थे.
चक्रधरपुर बीआरसी के समक्ष तोरण द्वार बनाकर रथ का स्वागत किया गया. इस दौरान सैकड़ों शिक्षक व स्कूली बच्चे फूल माला व गुलदस्ता लेकर खड़े थे. रथ पहुंचते ही उसपर सवार नेताओं को फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया. बीआरसी सभागार में श्री पांडेय ने शिक्षकों को संबोधित
भी किया.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है विश्व की मांग
श्री पांडेय ने कहा कि क्वालिटी एजुकेशन आज पूरे विश्व की मांग है. शिक्षा में गुणात्मक विकास के लिए रथ निकाला जाना ऐतिहासिक कदम है. झारखंड में शिक्षा की बदतर स्थिति है. स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, पारा टीचरों को वेतन नहीं मिल रहा है, स्कूल भवन, शौचालय, खेल का मैदान नहीं है. विषय वार व वर्ग वार दक्ष शिक्षकों की नियुक्ति, मॉडर्न टीचिंग टुल्स की व्यवस्था और बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिले. आरटीइ में शिक्षकों के हित वाले प्रावधानों को लागू किया जाना चाहिए.
गरीबी का कारण अशिक्षा है. बच्चे पढ़ेंगे तो हमेशा के लिए घर की गरीबी दूर हो जायेगी. अच्छी शिक्षा से ही अच्छे विश्व का निर्माण होगा. उन्होंने कहा कि झारखंड के लोहरदगा सहित तीन जिलों में डीडीओ (निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी) नहीं हैं. झारखंड के शिक्षकों का सम्मान व प्रतिष्ठा दावं पर लगी हुई है. वर्तमान व्यवस्था में बदलाव नहीं होता है तो जबरदस्त आंदोलन होगा. झारखंड की शिक्षा मंत्री निरीह है. बहुत जल्द सरकार को घेरा जायेगा.
कौन-कौन थे उपस्थित
शिक्षा रथ का स्वागत करने आजसू के विधान सभा प्रभारी शशि भूषण सामाड भी पहुंचे और सभा में शामिल हुए. इसके साथ ही अनिल देहुरी, अशोक मंडल, अशोक कुमार, गुलाब चंद्र कपूर, अशोक सिंह, शंकर शरण, कामख्या प्रसाद, दिलीप मंडल, मंगलेश पाठक, महफुजुर्रहमान, गुरु प्रसाद, अजीत कुमार, उदय भानु, निर्मल दूबे, राधा गोविंद, बिशन जोंको, त्रिदिप साहु, हेमंत कुमार, मनमोहन प्रसाद, समेत मनोहरपुर, बंदगांव, सोनुवा, गोइलकेरा व चक्रधरपुर के शिक्षक उपस्थित थे.
