चक्रधरपुर : शिक्षा विभाग के निदेशक द्वारा 15 सितंबर तक प्राथमिक शिक्षकों को प्रोन्नति देने का आदेश जारी किया गया था, लेकिन पश्चिमी सिंहभूम में प्रोन्नति नहीं दी जा सकी. अब एक दूसरा पत्र जारी कर 30 सितंबर तक हर हाल में प्रोन्नति दिये जाने का आदेश दिया गया है, लेकिन इसकी भी संभावना कम ही दिख रही है.
इस संदर्भ में झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के बंदगांव प्रखंड से जिला प्रतिनिधि वेद प्रकाश गुप्ता ने घोषणा की है कि यदि 30 सितंबर तक शिक्षकों को प्रोन्नति नहीं दी जाती है, तो 3 अक्तूबर को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल की जायेगी. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि 22 सालों से पश्चिमी सिंहभूम में शिक्षकों को प्रोन्नति नहीं मिली है. 2008 में सूची तैयार हो गयी थी, लेकिन कुछ छोटे बिंदुओं को स्पष्ट नहीं किये जाने के कारण प्रोन्नति नहीं दी जा सकी.
