चाईबासा : भाजपा चाईबासा नगर कमेटी की ओर से मंगलवार को पटेल की प्रतिमा के लिये लोहा व मिट्टी का संग्रह किया गया. चाईबासा गोशाला के पास आयोजित एक कार्यक्रम में कृषि कार्य में उपयोग किया गया पुराना लोहा, एक बोतल में यहां की मिट्टी तथा जनप्रतिनिधियों के फोटो तथा उनका संक्षिप्त परिचय संग्रहित किया गया.
इस अवसर पर नगर कमेटी के अध्यक्ष शुरू नंदी ने कहा कि गुजरात में नर्मदा नदी के तट पर भारत रत्न लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा स्थापित होनी है. इसके लिये नरेंद्र मोदी द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रम का उद्देश्य केवल लोहा व मिट्टी एकत्रित करना नहीं, बल्कि जिस तरह से राष्ट्रभक्त लोहपुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल ने 547 रियासतों को जोड़ कर देश को एकता के सूत्र में बांधा था, ठीक उसी तरह मोदी भी सभी से जुड़ कर पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का प्रयास कर रहे है.
इस मौके पर उपस्थित जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायत से लोहा व मिट्टी संग्रह किया जाना है. लोहा मिट्टी व फोटोग्राम संग्रह के लिये किट आ चुकी है. किट में ही सारी सामग्री रख कर गुजरात भेजी जायेगी. ग्रामीणों का इसमें भरपूर सहयोग मिल रहा है. इस मौके पर पूर्व विधायक पुतकर हेंब्रम, दिनेश यादव, शिवा बोदरा, पवन शर्मा समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
