चक्रधरपुर : राशन माफिया के बगैर चक्रधरपुर के गोदाम से अनाज का उठाव नहीं होता, जिस कारण ग्रामीण क्षेत्र के डीलर कार्डधारियों को सही तरीके से अनाज नहीं दे पाते. उक्त बातें विधायक शशिभूषण सामड ने अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन कर कही. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के डीलर यदि गोदाम में उपस्थित नहीं रहे, तो डीलर को दिये जाने वाले अनाज की सही मापी तक नहीं होती.
उन्होंने कहा कि सही वजन से अनाज नहीं देने वाले डीलरों को चिह्नित कर उनका लाइसेंस रद्द किया जायेगा. साथ ही गांव की स्वयं सहायता समूह व महिला समिति को राशन वितरण का कमान सौंपा जायेगा. ग्रामीण क्षेत्र के लाभुकों को सही तरीके से राशन मिले. इसके लिए शीघ्र टीम गठित की जायेगी. राशन उठाव से लेकर वितरण तक की मॉनीटरिंग करेगी. विधायक सामड ने कहा कि एमअो केके पांडेय की लापरवाही के कारण राशन माफियाओं को बढ़ावा मिल रहा है. एमओ द्वारा बढ़ते राशन माफियाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो एमओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.
स्कूलों में बनने वाले एमडीएम में भी चावलों की सही मापी किये बगैर ही शिक्षकों को चावल दे दिया जाता है. श्री सामड ने कहा कि सरकार डोर टु स्टेप से सभी डीलरों को अनाज पहुंचा रही है. बावजूद डीलर गरीबों से अनाज लाने के नाम से पैसे या फिर मिलने वाले अनाज में कटौती कर रहे हैं. राशन वितरण में पंचायत प्रतिनिधि स्वयं उपस्थित हो कर राशन का वितरण कराये. मौके पर जयपाल सालूजा, वीरेंद्र सिंहदेव, भीम, संदीप केरकेट्टा आदि मौजूद थे.
