किरीबुरू : किरीबुरू-बड़ाजामदा सड़क मार्ग की घाटी (किरीबुरू घाटी) में मिले अज्ञात शव की पहचान चाईबासा निवासी अजीत बहादुर (32), पिता खेम बहादुर बाबा (रेलवे स्टेशन) के रूप में की गयी है. जो चाईबासा रेलवे कर्मी प्रदीप प्रधान की बोलेरो गाड़ी (सं. जेएच-06बी) का चालक था. जिसकी पहचान प्रदीप प्रधान तथा पिता खेम बहादुर ने की. मामले में किरीबुरू थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मृतक अजीत जो बोलेरो गाड़ी लेकर चला था, वह गाड़ी भी लापता है.
इधर वाहन मालिक का कहना है कि अजीत 26 जनवरी को लगभग साढ़े तीन बजे किरीबुरू-बड़ाजामदा के लिए चला था. उसने दो लोगों द्वारा किराये पर बोलेरो लिये जाने की बात कही थी. बताया था कि चाईबासा स्टेशन से एक और साथी भी साथ जायेगा. इस बीच रात्रि सवा नौ बजे उसका कॉल आया फिर 11 बजे के बाद मोबाइल बंद हो गया. 27 जनवरी से उसे खोजने का प्रयास किया गया. वाहन गायब होने की मौखिक सूचना मुफ्फसिल थाना चाईबासा को दी गयी.
