कोर्ट में नौकरी के नाम पर ठगी में अतुल व मदन पर केस दर्ज
जमानत पर बाहर निकला था, इस दौरान फिर कई लोगों से ठगी की
फिलहाल जमशेदपुर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अतुल
चाईबासा : चाईबासा व्यवहार न्यायालय में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोपी अतुल शर्मा व मदन मोहन सिन्हा के खिलाफ सदर थाने में महेंद्र रजक व रवि प्रसाद साव की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. अतुल शर्मा की पहले ही चोरी के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तारी की है. उसे न्यायिक हिरासत में रखा गया. इस मामले में पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड पर लायेगी. इस मामले में अन्य एक नामजद आरोपी से पुलिस पूछताछ करेगी. अतुल शर्मा इसके पहले रेल में नौकरी दिलाने के नाम कई लोगों ठगी कर चुका है. इसी तरह के एक मामले में वह डेढ साल तक जेल में रहा. पोड़ाहाट अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में यह मामला विचाराधीन है.
इस मामले में चक्रधरपुर के दस भुक्तभोगियों ने न्यायालय में उसके विरुद्ध बयान दर्ज कराया है. इसके बाद उसने कई व्यक्तियों को पैसे वापस करने का लिखित भरोसा दिया. इसकी प्रति न्यायालय मे संलग्न की गयी है. चक्रधरपुर के थाना प्रभारी सकलदेव राम ने सबूत के साथ उसके विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किया था. अतुल शर्मा के पास से रेलवे के जाली मुहर, लेटर पैड व अन्य सामान बरामद हुआ था. इस मामले में अगली सुनवायी 30 अगस्त को होनी है.
जमानत में बाहर आने के बाद वह फिर जालसाजी कार्य में लग गया था. उसने चाईबासा में एक अधिवक्ता के यहां मोहरी कार्य में लग गया था. इस दौरान कोर्ट में चौथे वर्ग की बहाली शुरू हुई थी. इसमें उसने कई लोगों से लाखों रुपये वसूले.
