नवागांव व तांतनगर पंचायत भवन में अनियमितता, डीसी ने दिये आदेश
जेइ होंगे सस्पेंड, एक दर्जन संवेदकों पर केस
तांतनगर बीडीओ वर्तमान में नामकुम में पदस्थापित हैं, वहीं झींकपानी बीडीओ जामताड़ा से िरटायर हुए हैं.
चाईबासा : उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने जिले में काफी समय से अधूरे पड़े पंचायत भवनों के मामले को गंभीरता से लिया है. डीसी ने झींकपानी के नवागांव और तांतनगर पंचायत भवन में हुई अनियमितता को लेकर झींकपानी व तांतनगर के तत्कालीन (वर्ष 2010-11) बीडीओ पर एफआइआर करने का आदेश दिया है.
तांतनगर के चिटिमिटी पंचायत भवन की लागत की 95 फीसदी राशि की निकासी कर ली गयी है. वहीं कार्य पूरा नहीं हुआ है. डीसी ने तांतनगर के तत्कालीन बीडीओ संजय कोन्गाड़ी के वेतन से पंचायत भवन का कार्य पूरा करने का आदेश दिया है. तांतनगर के बीडीओ को नोटिस भेजकर वेतन से पंचायत भवन का कार्य पूरा करने की जानकारी देने का आदेश दिया है. संजय वर्तमान में नामकुम बीडीओ के पद पर तैनात हैं. वहीं झींकपानी बीडीओ श्रीमत सोरेन जामताड़ा के कुंडहित ब्लॉक से रिटायर हुए हैं. बताया जाता है कि श्रीमत पर जामताड़ा में भी अनियमितता का मामला दर्ज किया गया था. इस मामले को संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 24 अगस्त 2015 में श्रीमत की 10 प्रतिशत पेंशन रािश काट दी थी. स्पेशल डिवीजन ने जगन्नाथपुर प्रखंड के करंजिया व कसिरा में अधूरे पंचायत भवन मामले में स्पेशल डिवीजन के जेई को सस्पेंड करने का आदेश दिया है.
तांतनगर के तत्कालीन बीडीओ के वेतन से पंचायत भवन पूरा करने का निर्देश
तांतनगर व झींकपानी के बीडीओ को हो गया है तबादला
डीसी ने आधा दर्जन टेंडर किये रद्द
बिना सरकारी भुगतान बना अंधारी पंचायत भवन!
प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार मंझारी प्रखंड के अंधारी पंचायत भवन का निर्माण नहीं हुआ है. हालांकि बीडीओ के अनुसार अंधारी पंचायत भवन बना है, लेकिन दूसरे गांव में बना है. डीडीसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अंधारी पंचायत भवन निर्माण के लिए राशि का भुगतान नहीं किया गया है. ऐसे में किस मद से पंचायत भवन का निर्माण हुआ है. पूरे मामले में डीसी ने फिर से रिपोर्ट देने का आदेश दिया है.
बादुड़ी व लुपुंगगुटू पंचायत भवन की राशि होगी सरेंडर
सदर प्रखंड के बादुड़ी व लुपुंगगुटू पंचायत भवन की राशि सरेंडर करने का डीसी ने आदेश दिया है. इन दोनों पंचायत भवनों का कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है. उपलब्ध राशि से पंचायत भवन का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण राशि की सरेंडर करने का आदेश दिया गया है.
इन पंचायतों का टेंडर हुआ रद्द
तांतनगर के कसिया, झींकपानी प्रखंड के चोया, टोंटो प्रखंड के रेंगड़ाहातु, कुन्डु, केंगाहातु, चक्रधरपुर के हथिया, हतनातोड़ांग पंचायत भवन का टेंडर रद्द कर दिया गया है. संवेदक की ओर से कार्य शुरू नहीं किये जाने व उपलब्ध राशि से पंचायत भवन का कार्य पूरा नहीं होने के कारण टेंडर रद्द किया गया है.
इन पंचायत भवनों के संवेदकों पर एफआइआर
जिला परिषद के अभियंता की ओर से बंदगांव के जलासर, कराईकेला, सिंदुरीकेड़ा, सदर प्रखंड के गायसुटी, एकराहातु, झारबेड़ा, हाटगम्हरिया के कुसमिता, रूईया, कुसमुंडा पंचायत भवन के संवेदक पर एफआइआर दर्ज हो गया है. इन संवेदकों पर सर्टिफिकेट केस चल रहा है.
