तय दिन में कार्य पूरा नहीं होने पर बजेगा डीसी का अलार्म
मुलाकातियों के आवेदन के निबटारे के लिए तय होगा समय
मुलाकात के लिए डीसी से लिया जा सकेगा ऑनलाइन समय
चाईबासा : उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि से मिलने वाले मुलाकातियों के आवेदन पर अब तय समय पर कार्य होगा. डीसी से ऑन लाइन मुलाकात होगी. डीसी से मुलाकात करने से पहले मुलाकाती का पूरा ब्योरा कम्प्यूटर में ऑनलाइन दर्ज होगा. मुलाकाती का नाम, मोबाइल नंबर, गांव, इमेल आइडी ( अगर हो तो), मिलने का विषय कम्प्यूटर में दर्ज किया जायेगा. इससे संबंधित दो पर्ची तैयार की जायेगी. एक पर्ची डीसी के पास जायेगी और दूसरी पर्ची मुलाकाती को दी जायेगी. कितनी देर तक मुलाकाती डीसी से बात कर सकते हैं, यह भी पर्ची में दर्ज होगा.
डीसी के पास पर्ची पहुंचने पर डीसी मुलाकाती को मुलाकात के लिए बुलायेंगे. मुलाकाती के आवेदन पर विचार करने, निष्पादन करने, कार्रवाई करने के लिए डीसी ऑनलाइन संबंधित विभाग के अफसर को भेज देंगे. मुलाकाती के आवेदन का निबटारा करने के लिए डीसी एक समय तय करेंगे. मुलाकाती के आवेदन का निबटारा हुआ कि नहीं, इसकी मॉनीटरिंग के लिए डीसी के पास ऑन लाइन अलार्म रहेगा. तय समय पर मुलाकाती के आवेदन का निबटारा नहीं होने पर डीसी के पास ऑन लाइन अलार्म बज जायेगा. जिससे, डीसी को पता चल जायेगा कि उनकी ओर से निर्धारित समय पर संबंधित अफसर ने आवेदन का निबटारा नहीं किया है. समय पर कार्य पूरा नहीं होने का अलार्म बजते ही संबंधित अफसर पर डीसी की ओर से संज्ञान लिया जायेगा. संबंधित अफसर को रिमाइंडर भेजा जायेगा. मामले की गंभीरता देखते हुए अफसर को शोकॉज करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा होगी. डीसी से मिलने का ऑन लाइन समय भी मिल सकता है. डीसी से मिलने के लिए ऑन लाइन समय भी लिया जा सकता है. डीसी से ऑन लाइन मिलने के लिए दो तरीके हो सकते हैं. एक तो एंड्रॉयड मोबाइल पर dms chaibasa का एप डाउनलोड किया जा सकता है. एप के माध्यम से प्रोसेस पूरा कर डीसी से मुलाकात का समय लिया जा सकता है. या इंटरनेट से www.dmschaibasa.in पर जाकर ऑन लाइन मिलने का समय ले सकते हैं.
