नये एसपी जिला में करेंगे नया प्रयोग
चाईबासा : जिला का प्रभार संभालने के बाद नये एसपी नरेंद्र कुमार सिंह ने आम लोगों का पुलिस से सीधे जुड़ाव के लिए नयी पहल की है. नरेंद्र कुमार पूर्व में आजमाये गये नुस्खा को पश्चिम सिंहभूम जिला में भी आजमाने जा रहे है. लोगों की समस्या सुनने के लिये एसपी ने शहरी थानों में महिला मुंशी की नियुक्ति के आदेश दिये है.
जिला में प्रभार लेने के बाद निवर्तमान एसपी पंकज कंबोज के साथ कार्यालय में नरेंद्र कुमार सिंह ने पूर्व के अनुभव व जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर अपनी रणनीति का खुलासा किया. एसपी के अनुसार दूसरे जिलों में पदस्थापना के दौरान उन्होंने थानों में महिला मुंशी की नियुक्ति शुरू की थी. जिसके बेहतर रिजल्ट सामने आये है. पश्चिम सिंहभूम में पुलिस से जनता के सीधे जुड़ाव के लिए वे इसे लागू करने जा रहे है.
नक्सल समस्या पर विशेष फोकस
नक्सल समस्या पर विशेष ध्यान केंद्रीत किया जायेगा. इसे लेकर अंतर जिला व अंतर राज्य मीटिंग पर जोर रहेगा. ग्रामीणों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को बढ़ाने का प्रयास किया जायेगा. ताकि नक्सल समस्या के समाधान में ग्रामीणों को सहयोग मिले.
इन क्षेत्रों के थानों को सक्रिय किया जायेगा, ताकि थाना आने वाले लोगों को न्याय मिल सके. इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाने पर भी बल दिया जायेगा.
